
छतरपुर।एक बड़ा हादसा होने से टल गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पठापुर रोड स्थित रावतनपुरम कॉलोनी में एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी किराना दुकान में जा घुसी। हादसे में दुकान का सामान बुरी तरह बिखर गया और दुकान के शटर व दीवार को भी नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सीधे दुकान के अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग घबराकर बाहर आ गए। घटना के बाद चालक मौके से बाहर निकल आया और कुछ ही देर में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए।
इस हादसे का पूरा वीडियो पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जो रविवार सुबह करीब 10 बजे सामने आया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार सड़क से फिसलते हुए सीधे दुकान में घुस जाती है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस ने वाहन चालक की पहचान कर ली है और आगे की जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में गति-नियंत्रण संकेतक लगाने और सड़क पर बैरिकेड लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
