शेयर बाजारों में चौतरफा बिकवाली, गिरावट में बंद हुए प्रमुख सूचकांक

मुंबई, 24 जुलाई (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में कमजोर निवेश धारणा के बीच विदेशी निवेशकों के पैसा निकालने से गुरुवार को प्रमुख सूचकांक 0.60 प्रतिशत से ज्यादा गिर गये। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 542.47 अंक (0.66 प्रतिशत) टूटकर 82,184.17 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 0.63 अंक की गिरावट में रहा और बुधवार की तुलना में 157.80 अंक नीचे 25,062.10 अंक पर बंद हुआ।

आईटी कंपनियों के साथ ही बड़े निजी बैंकों के शेयरों में भी गिरावट रही। सेंसेक्स की 30 में से 25 कंपनियों के शेयर लाल निशान में बंद हुए। रिटेल क्षेत्र की कंपनी ट्रेंट का शेयर चार प्रतिशत के करीब लुढ़क गया। टेक महिंद्रा में 3.15 फीसदी की गिरावट रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक्नोलॉजी, इंफोसिस, कोटक महिंद्रा बैंक और आईटीसी के शेयर भी टूट गये।

सेंसेक्स में इटरनल में सबसे अधिक 3.44 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा टाटा मोटर्स, सन फार्मा, टाटा स्टील और टाइटन के शेयर बढ़त में बंद हुए। पावरग्रिड का शेयर लगभग स्थिर रहा।

निवेशक फिलहाल सर्तकता बरत रहे हैं। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने आज भारतीय पूँजी बाजार में बिकवाली की। उन्होंने बाजार से 43.102 करोड़ डॉलर की शुद्ध निकासी की जिसमें 39.097 करोड़ डॉलर की बिकवाली शेयर बाजारों में की गयी। इससे शेयर बाजार दबाव में आ गया।

मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा गिरावट रही। एनएसई में निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.76 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 1.09 प्रतिशत टूट गया। बड़ी 100 कंपनियों वाला निफ्टी-100 भी 0.56 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

एनएसई में पीएसयू बैंक, फार्मा, धातु और ऑटो सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में रहे जबकि अन्य में गिरावट रही। आईटी सेक्टर का सूचकांक दो प्रतिशत से ज्यादा गिर गया।

विदेशों में शेयर बाजारों में तेजी रही। एशिया में जापान का निक्केई 1.59 फीसदी, हांगकांग का हैंगसेंग 0.51 फीसद और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.65 प्रतिशत चढ़ गया। यूरोप में शुरुआती कारोबार में ब्रिटेन का एफटीएसई 0.97 प्रतिशत और जर्मनी का डैक्स 0.62 प्रतिशत की तेजी में बना हुआ था।

 

Next Post

वृक्षारोपण महाअभियान का शुभारंभ: धरती का श्रृंगार हैं वृक्ष

Thu Jul 24 , 2025
रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय, रीवा परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत दुर्लभ तमाल वृक्ष का रोपण कर हरियाली महोत्सव एवं वृक्षारोपण महाअभियान की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि वृक्ष धरती का श्रृंगार हैं और सभी नागरिकों को इस अभियान में […]

You May Like