नयी दिल्ली 07 मई (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने हिमाचल प्रदेश में शिमला स्थित एमजीएमएससी नर्सिंग कॉलेज हॉस्टल में 19 छात्राओं के तपेदिक से ग्रसित होने की मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है। एनएचआरसी ने गुरुवार को बताया कि आयोग ने हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित एमजीएमएससी नर्सिंग कॉलेज हॉस्टल में 19 छात्राओं के तपेदिक (टीबी) से संक्रमित होने की मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है। रिपोर्टों के अनुसार परिसर में हाल में किए गए दो निरीक्षणों में हॉस्टल में स्वच्छता और व्यवस्था संबंधी कई गंभीर कमियां पाई गई हैं। अधिकारियों द्वारा कोई सुधारात्मक उपाय न किए जाने से छात्राएं तपेदिक से संक्रमित हो गईं।
आयोग ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट सही होने पर यह मानवाधिकार का गंभीर उल्लंघन है। इस सिलसिले में हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गयी है। उल्लेखनीय है कि दो मई को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि 31 मार्च और 17 अप्रैल 2026 को संस्थान में दो बार हुए निरीक्षणों में कई कमियां उजागर हुईं। हॉस्टल में रहने वाली छात्राएं अत्यधिक भीड़भाड़, सीलन और बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में रह रही हैं। हॉस्टल में स्वच्छता की व्यवस्था अपर्याप्त है।

