राजस्थान रॉयल्स को 77 रनों से हराकर गुजरात टाइटंस अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंची

जयपुर, (वार्ता) कप्तान शुभमन गिल (84) और साई सुदर्शन (55) शानदार अर्धशतकीय पारियों के बाद राशिद खान (चार विकेट) और जेसन होल्डर (तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत गुजरात टाइटंस ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 52वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 77 रनों से हराकर अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की। इसी के अंक तालिका में उसके 14 अंक हो गये और वह दूसरे पायदान पर पहुंच गई है।

230 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स के लिए यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी ने 38 रन जोड़े। तीसरे ओवर में कगिसो रबाड़ा ने यशस्वी जायसवाल (तीन) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। अगले ही ओवर में मोहम्मद सिराज ने वैभव सूर्यवंशी को अपना शिकार बना लिया। वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 36 रन बनाये। इसके बाद ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा की जोड़ी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। छठें ओवर में रबाड़ा ने शिमरॉन हेटमायर (छह) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। आठवें ओवर में राशिद खान ने पहले ध्रुव जुरेल को बोल्ड किया। जुरेल ने 10 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के लगाते हुए (24) रन बनाये। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने डॉनोवन फ़रेरा (चार) को भी बोल्ड कर दिया। शुभम दुबे (15) को भी राशिद ने आउट किया। जोफ्रा आर्चर (पांच) और दसून शानका (16) को जेसन होल्डर ने आउट किया। रवींद्र जडेजा को भी राशिद खान ने आउट किया। जडेजा ने 25 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए टीम के लिए सर्वाधिक 38 रन बनाये।

गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने राजस्थान रॉयल्स को 16.3 ओवरों 152 रन पर समेट कर मुकाबला 77 रनों से अपने नाम कर लिया। जबकि इस जीत के साथ ही गुजरात टाइटंस अंक तालिका में दूसरे पायदान पर आ गई है, वहीं पंजाब किंग्स तीसरे स्थान पर चली गई है। यह राजस्थान रॉयल्स की लगातार दूसरी हार है। गुजरात टाइटंस के लिए राशिद खान ने चार और जेसन होल्डर ने तीन विकेट लिये। कगिसो रबाड़ा को दो विकेट मिले। मोहम्मद सिराज ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस के लिए शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी ने आतिशी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 118 रन जोड़े। 11वें ओवर में यश पुंजा ने साई सुदर्शन को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। साई सुदर्शन ने 36 गेंदों में छह चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 55 रन बनाये। इसके बाद 14वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने जॉस बटलर (13) को अपना शिकार बना लिया।

17वें ओवर में बृजेश शर्मा ने शुभमन गिल को आउट कर पवेलियन भेज दिया। शुभमन गिल ने 44 गेंदों में नौ चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 84 रनों की पारी खेली। इस दौरान गिल ने पहले अपनी टीम को शतकीय साझेदारी की शुरुआत दी और फिर अर्धशतक लगाकर एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया। शुभमन गिल ने 30 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह आईपीएल 2026 में उनका चौथा अर्धशतक था और इसके साथ ही उन्होंने इस सीजन 400 रन पूरे कर लिए। यह सातवीं बार है जब शुभमन गिल ने 400 से अधिक रन बनाए हैं। साल 2020 से गिल लगातार 400 से अधिक का स्कोर कर रहे हैं। इस मामले में उन्होंने एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 19वें ओवर में बृजेश शर्मा ने जेसन होल्डर (सात) को आउट कर मैच में अपना दूसरा विकेट लिया। गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 229 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। वॉशिंगटन सुंदर ने 20 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए नाबाद 37 रनों की पारी खेली। वहीं राहुल तेवतिया ने चार गेंदों में दो छक्कों की मदद से नाबाद 14 रन बनाये।

राजस्थान रॉयल्स के लिए बृजेश शर्मा ने दो विकेट लिये। यश पुजा और रवींद्र जडेजा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

 

Next Post

लोक अदालत में नगर निगम ने जमा कराए 70 लाख

Sun May 10 , 2026
नेशनल लोक अदालत के दौरान नगर पालिक निगम सतना द्वारा कुल 740 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इस दौरान संपत्तिकर एवं अन्य संबंधित करों से 61,82,850 रुपये, राजस्व मद में 2,51,208 रुपये तथा जलकर मद में 5,29,730 रुपये की वसूली की गई। इस प्रकार कुल 69,63,788 रुपये की राशि निगम […]

You May Like