नयी दिल्ली, 07 मई (वार्ता) आईपीएल में शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइट राइडर्स (केकेआर) का मुक़ाबला दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के साथ होगा। 10 मैचों में सिर्फ़ चार जीत के साथ मेज़बान डीसी प्ले ऑफ़ की दौड़ में बहुत पीछे छूट गई है और यह मुकाबला उसके लिए प्लेऑफ की आखिरी उम्मीद है। हालांकि प्लेऑफ के लिए उसे अपने सभी बचे चारों मैच जीतने होंगे। वहीं केकेआर को भी नौ मैचों में सिर्फ़ तीन जीत मिली है, लेकिन ये तीनों जीत पिछले तीन मैचों में आई है और वे अच्छे फ़ॉर्म व बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ इस मैच में प्रवेश करेंगे।
दोनों टीमों के बीच अब तक 34 मैच हुए हैं, जिसमें केकेआर को 19 और डीसी को 15 मैचों में जीत मिली है। वहीं दिल्ली में दोनों के बीच हुए अब तक 11 मुक़ाबलों में भी डीसी को पांच जबकि केकेआर को छह मुक़ाबलों में जीत मिली है। 2024 से अभी तक डीसी, केकेआर को एक भी मैच में नहीं हरा पाई है, तो क्या डीसी इस सिलसिले को तोड़ पाएगी? केएल राहुल पर बहुत ज़्यादा निर्भर है डीसी की बल्लेबाज़ी
केएल राहुल आईपीएल 2026 में शानदार फ़ॉर्म में हैं और 10 पारियों में 49.4 की औसत और 181 के स्ट्राइक रेट से तीन अर्धशतक और एक शतक के साथ 445 रन बना चुके हैं। लेकिन डीसी के लिए मुश्किल बात यह है कि उनके अन्य बल्लेबाज़ फ़ॉर्म या निरंतरता की कमी से जूझ रहे हैं। राहुल ने डीसी के अकेले 26 फीसदी रन बनाए हैं और इस दौरान बीच के ओवरों में उनका स्ट्राइक रेट बहुत शानदार रहा है। सात से 16 ओवरों के बीच राहुल ने 211 के स्ट्राइक रेट से 249 रन बनाए हैं और हर तीसरी गेंद पर बाउंड्री लगा रहे हैं। बीच के ओवरों में उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ़ रजत पाटीदार (217) से कम है, जबकि उनके बाद इशान किशन (190) का नंबर आता है।
केकेआर के ख़िलाफ़ भी राहुल का रिकॉर्ड शानदार रहा है और उन्होंने इस टीम के ख़िलाफ़ 16 पारियों में 37.3 की औसत और छह अर्धशतकों के साथ 522 रन बनाए हैं। ऐसे में डीसी निश्चित रूप से चाहेगी कि उनका फ़ॉर्म बरक़रार रहे, लेकिन अन्य बल्लेबाज़ भी फ़ॉर्म में आ जाएं। वरूण चक्रवर्ती हो सकते हैं डीसी बल्लेबाज़ों के लिए प्रमुख खतरा आईपीएल की शुरुआत में ख़राब फ़ॉर्म से जूझ रहे वरूण चक्रवर्ती की फ़ॉर्म वापसी हो चुकी है और उन्होंने पिछली चार पारियों में 10 विकेट लिए हैं। उनकी फ़ॉर्म वापसी का मतलब है कि केकेआर की भी फ़ॉर्म वापसी हो चुकी है और उन्होंने इन चार में से तीन मुक़ाबले जीते हैं। इस मैच में भी वरूण का फ़ॉर्म बरक़रार रह सकता है। डेविड मिलर को वह चार, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स को वह दो बार आउट कर चुके हैं, वहीं केएल राहुल भी उनका एक बार शिकार हो चुके हैं। अक्षर उन पर सिर्फ़ 50, जबकि राहुल उन पर सिर्फ़ 102 के स्ट्राइक रेट से रन बना पाते हैं।
क्या फ़िन ऐलन का फ़ॉर्म वापस आएगा? फ़िन ऐलन टी20 विश्व कप के अच्छे फ़ॉर्म के साथ आईपीएल में आए थे, लेकिन छह पारियों में वह एक भी बार 40 का आंकड़ा नहीं पार कर पाए हैं, जबकि तीन बार दहाई के अंक तक भी नहीं पहुंच सके हैं। इस ख़राब फ़ॉर्म के कारण उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन केकेआर के पिछले मैच में उनकी वापसी हुई और वह इस मैच में भी खेल सकते हैं। हालांकि उनकी फ़ॉर्म वापसी आसान नहीं होगी। अक्षर पटेल ने उन्हें दो बार आउट किया है। हालांकि लुंगी एनगिडी तीन पारियों में उन्हें एक भी बार आउट नहीं कर पाए हैं।
कुलदीप यादव को क्या हुआ है?
टी20 विश्व कप में कुलदीप यादव को सिर्फ़ एक ही मैच में खेलने का मौक़ा मिला था और वह लगातार बेंच पर रहे व उन्हें मैच प्रैक्टिस नहीं मिला। इसका असर उनकी आईपीएल फ़ॉर्म पर देखने को मिला है और उन्होंने इस सीज़न 10.40 की इकॉनमी से रन दिए हैं, जबकि पांच मैचों में उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला है। यह इकॉनमी कुलदीप का किसी भी आईपीएल सीज़न में सबसे ख़राब प्रदर्शन है। दाएं हाथ के बल्लेबाज़ों के ख़िलाफ़ उनकी इकॉनमी तो 11.1 तक पहुंच जाती है, जबकि पिछले आईपीएल के दौरान उन्होंने दाएं हाथ के बल्लेबाज़ों के ख़िलाफ़ 6.7 की इकॉनमी से रन देते हुए नौ विकेट लिए थे।
हालांकि केकेआर के ख़िलाफ़ उनका प्रदर्शन बहुत बेहतरीन रहा है और उन्होंने अपनी पुरानी टीम के ख़िलाफ़ पांच पारियों में सिर्फ़ 7.4 की इकॉनमी से रन देते हुए 10 विकेट लिए हैं, जिसमें एक 4-विकेट हॉल शामिल है। ऐसे में उनकी फ़ॉर्म वापसी की उम्मीद की जा सकती है।

