
विदिशा। बुधवार दोपहर बस स्टैंड स्थित पुराने नगर पालिका सभा कक्ष में पुलिस सुरक्षा के बीच पीआईसी की बैठक आयोजित हुई. बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा, उपाध्यक्ष संजय दिवाकीर्ति, सीएमओ दुर्गेश ठाकुर सहित सभी सभापति मौजूद रहे.
बैठक में नगर के विकास संबंधी प्रस्ताव पारित किए गए. अध्यक्ष प्रीति शर्मा ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका के बड़े बाबू को निलंबित किया जाएगा और दो अन्य विभागों में पदस्थ कर्मचारियों का तबादला किया जाएगा. उन्होंने कहा कि बिना अध्यक्ष की अनुमति के कोई भी कर्मचारी नगर पालिका की फाइल बाहर नहीं ले जा सकेगा, ऐसा करने पर कार्रवाई होगी.
नगर में चल रहे रुके हुए निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने पर भी सहमति बनी. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पीपीपी मोड पर निर्माण कार्य प्रारंभ करने, वार्ड नंबर 2 में रुके नाला निर्माण को जल्द पूरा कराने और सीवेज तथा पानी की लाइन को नुकसान होने पर रिपेयरिंग की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की तय की गई.
सीएमओ दुर्गेश ठाकुर ने बताया कि नगर विकास के लिए 45 निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है, जिनमें सीसी रोड, डामरीकरण और नाले के निर्माण कार्य शामिल हैं. पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद बैठक शांतिपूर्वक संपन्न हुई और किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ.
