
सीहोर।बोरखेड़ा-रनायल जोड़ के बीच पार्वती नदी पुल से चार सितंबर को बहे युवक का शव 65 घंटे बाद चौथे दिन रविवार सुबह 8 बजे घटना स्थल से दो किमी दूर गाडराखेड़ी घाट के पास मिला है. सर्चिंग टीम ने शव को बाहर निकालकर पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया. घटना स्थल शाजापुर क्षेत्र का होने से वहां की थाना क्षेत्र की पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है.
गौरतलब है कि सेवखेड़ी निवासी सुरेश पिता अमरसिंह सपेरा जब पुल पर पानी होने के बाद भी निकलने की कोशिश कर रहा था. संतुलन बिगडऩे से बाइक के साथ बह गया था. घटना स्थल शाजापुर जिला और सीहोर जिले के करीब होने से दोनों ही जगह का अमला सर्चिंग में जुटा था. शनिवार को सुरेश की घटना स्थल से 100 मीटर बाइक मिल गई थी. रविवार को गाडराखेड़ी गांव के घाट के पास शव मिल गया है। बताया जाता है कि शव वहीं फंस गया था, जिसे निकालकर पीएम के लिए अस्पताल भेजा गया.
इसी तरह अनंत चतुर्दशी पर शनिवार को पपनास नदी में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हर्राज खेड़ी निवासी 10 वर्षीय बंटी मालवीय डूब गया था. गोताखोरों और एसडीइआरएफ टीम ने शाम तक तलाशा, लेकिन कोई पता नहीं चला तो अंधेरा होने के कारण बंद करना पड़ा था. रविवार सुबह 7 बजे वापस तलाशी शुरू की गई. नाव से दिन भर बच्चे की सर्चिंग की गई पर असफलता मिली. दूसरे दिन घटना स्थल से दूर स्थित स्टाप डैम पर भी पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है. जिससे कि बंटी बहकर आया हो तो पता चल सके. सोमवार को भी सर्चिंग जारी रहेगी. एसडीइआरएफ टीम और गोताखोर को मिलाकर 12 से अधिक लोगों की टीम बच्चे को तलाशने में जुटे हैं.
