भोपाल। माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षक भर्ती 2024 के तहत चयनित अभ्यर्थियों के लिए अब अगला अहम चरण शुरू हो गया है, जिसमें उन्हें अपने पसंदीदा स्कूलों का चयन करना होगा। लोकशिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया तय समय सीमा में पूरी करना अनिवार्य है, अन्यथा उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर स्वतः स्कूल आवंटित कर दिए जाएंगे।
मंडल द्वारा जारी सूचना के अनुसार, माध्यमिक शिक्षक (हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान, गणित एवं खेल) तथा प्राथमिक शिक्षक (खेल) चयन परीक्षा 2024 के परिणाम के आधार पर दस्तावेज सत्यापन के बाद पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी की जा रही है। अभ्यर्थियों को 12 मई 2026 से 18 मई 2026 तक अपने आवंटित संभाग या जिले की सभी शालाओं का चयन कर प्राथमिकता क्रम निर्धारित करना होगा।
निर्देशों के मुताबिक, शाला विकल्प चयन के बाद एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर निर्धारित शुल्क का भुगतान करना जरूरी होगा, तभी प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी। निर्धारित समय में विकल्प नहीं भरने वाले अभ्यर्थियों को शेष रिक्त पदों के आधार पर स्वतः स्कूल आवंटित कर दिए जाएंगे और इस पर कोई दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिन अभ्यर्थियों के नाम के सामने ‘सत्यापन के अधीन’ अंकित है, उनके दस्तावेज संबंधित विश्वविद्यालय या सक्षम अधिकारी को प्रमाणीकरण के लिए भेजे गए हैं। सत्यापन के आधार पर उनकी अभ्यर्थिता को मान्य या अमान्य घोषित किया जाएगा। वहीं, जिन अभ्यर्थियों की अभ्यर्थिता निरस्त की गई है, उनकी सूची कारण सहित trc.mponline.gov.in पर उपलब्ध है।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से पोर्टल का अवलोकन करते रहें। माध्यमिक शिक्षक (गायन-वादन) और प्राथमिक शिक्षक (गायन-वादन, नृत्य) पदों के लिए अलग से सूचना जारी की जाएगी।
