ग्वालियर:पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से ग्वालियर चंबल अंचल के कांग्रेस के दलित वर्ग के नेताओं ने उन के भोपाल स्थित सरकारी आवास श्यामला हिल्स में भेंट कर उनसे राजनैतिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। मुलाकात करने वालों में ग्वालियर के वरिष्ठ नेता एवं जीडीए के पूर्व उपाध्यक्ष गोपीलाल भारतीय, केलारस मुरेना के भगरीलाल जाटव, और रायसेन की श्रीमती गीता जाटव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। दिग्विजय सिंह से चर्चा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविंद गोयल भी उपस्थित थे।
दलित वर्ग के नेताओं ने उन्हें अवगत कराया कि कांग्रेस में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पं जवाहरलाल नेहरू सरदार वल्लभ भाई पटेल और दलितों के उद्धारक बाबू जगजीवन राम सहित इंदिरा गांधी, राजीव गांधी की विचारधारा को मानने वाले दलित वर्ग के कार्यकर्ताओं की अनदेखी और उपेक्षा हो रही है और कुछ नीले गमछाधारी कांग्रेसियों ने कांग्रेस का बसपाईकरण व आसपाई करण कर दिया है जिससे कांग्रेस दलित वर्गो में ही नहीं आम जनता में कमजोर होती दिखाई दे रही है। इसे देखते हुए कांग्रेस की मजबूती के लिए गोपीलाल भारतीय ने उन्हें कुछ सुझाव रुपी ज्ञापन पत्र भी सौंपा है।
