
शिवपुरी। जिले के करैरा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना ग्राम टीला स्थित पावर हाउस के पास हुई, जब दोनों युवक मोटरसाइकिल से पिछोर से करैरा लौट रहे थे।
मृतक की पहचान जितेन्द्र आदिवासी के रूप में हुई है। जितेन्द्र अपने दोस्त सुरेन्द्र झा, निवासी गल्ला मंडी के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहा था। इसी दौरान करैरा की ओर से आ रही सफेद रंग की आईसर गाड़ी के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और डायल-112 की सहायता से दोनों को करैरा अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जितेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। सुरेन्द्र झा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे शिवपुरी रेफर कर दिया गया है।
