
सिंगरौली: नेहरू शताब्दी चिकित्सालय जयंत में तीन दिन पूर्व घटी एक गंभीर घटना के बाद अस्पताल परिसर में भय और असहजता का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार ऑपरेशन थिएटर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में उस समय अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो गई, जब ड्यूटी के दौरान कार्य कर रहे चिकित्सक के साथ विवाद की स्थिति सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उस समय ऑपरेशन थिएटर में सर्जरी चल रही थी, जिससे पूरे स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के संबंध में जयंत पुलिस चौकी में मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद से संबंधित चिकित्सक और उनके परिजनों में चिंता देखी जा रही है। चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि इस घटना ने अस्पतालों में चिकित्सकों और मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।वहीं, घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं। कई चिकित्सकों और कर्मचारियों का मानना है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना आवश्यक है। अब सभी की निगाहें प्रशासन और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
