
सतना। मैहर में अवैध डीजल-पेट्रोल बिक्री के खिलाफ अमदरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने ग्राम घुनवारा स्थित एक ढाबे से 200 लीटर ज्वलनशील पदार्थ जब्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
थाना अमदरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार की सुबह ग्राम घुनवारा स्थित गणेश ढाबा पर दबिश दी। थाना प्रभारी निरीक्षक टीकाराम कुर्मी और उनकी टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया।
छापेमारी के दौरान ढाबे के अंदर नीले ड्रमो में भारी मात्रा में अवैध ज्वलनशील पदार्थ पाया गया। पुलिस ने मौके से 150 लीटर डीजल और 50 लीटर पेट्रोल जब्त किया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 19 हजार रुपये से अधिक है। ये पदार्थ बिना किसी वैध अनुमति के भंडारित और बेचे जा रहे थे, जिससे गंभीर सुरक्षा जोखिम पैदा हो सकता था।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि मैहर एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने इससे पहले भी नेशनल हाईवे पर स्थित कई ढाबों पर छापेमार कार्रवाई की थी। उस दौरान 20 हजार लीटर से अधिक डीजल जब्त किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत 18 लाख रुपये आंकी गई थी। इन छापों के दौरान कई ढाबा संचालक डर के मारे ढाबे बंद कर फरार हो गए थे।
