
सतना। जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के बींदा गांव में बकरियों की चोरी होने के बाद कार्रवाई के नाम पर पुलिस की हीलाहवाली ने ग्रामीणों को इस कदर आक्रोशित कर दिया कि लगभग 3 घंटे से अधिक समय तक रामपुर बघेलान-अमरपाटन मार्ग बाधित रहा.लंबी चली समझाइस और कार्रवाई संबंधी आश्वासन के बाद ग्रामीण किसी तरह वहां से हटने को राजी हुए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार गींदा गांव के निवासी मुन्ना यादव के पड़ोस में 3 अप्रैल को बरहों कार्यक्रम आयोजित था. जिसकी वजह से आस पड़ोस के लोग रोत के लगभग 2 बजे तक जागते रहे. इसी दौरान 108 एंबुलेंस उनके घर के सामने से गुजरी. थोड़ा आगे जाने पर एंबुलेंस वापस लौट आई. बताया गया मुन्ना के घर में मौजूद 4 बकरियों में से 3 बकरियों को चोरों ने एंबुलेंस में लाद लिया. इस दौरान आहट मिलने पर मुन्ना की नंीद खुल गई. लेकिन जैसे ही मुन्ना वहां पहुंचा तो बदमाशों ने उसे चाकू दि,खाकर पीछे करने की कोशिश की. लेकिन जब मुन्ना पीछे नहीं हटा तो बदमाश 2 बकरियों को एंबुलेंस में लाद कर भाग निकले. जबकि एक बकरी को छुड़ाने में मुन्ना का हाथ चोटिल हो गया. शोर सुनकर गांव के लोग एकत्र हो गए. अगले ही दिन घटना की शिकायत थाने में की गई. लेकिन कार्रवाई न होने से लोगों के बीच आक्रोश बढ़ गया.
मार्ग पर लगाई बाड़ी
आक्रोशित ग्रामीणों ने रामपुर बघेलान-अमरपाटन मार्ग पर बाड़ी लगाकर उसे बाधित कर दिया. जिसके चलते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगनी शुरु हो गईं. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइस देनी शुरु की. लगभग 3 घंंटे से अधिक समय तक पुलिस द्वारा लोगों को समझाइस दी जाती रही. वहीं जल्द ही ठोस कार्रवाई संबंधी आश्वासन मिलने पर ग्रामीण किसी तरह वहां से हटने को राजी हुए. पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के जरिए एंबुलेंस की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
