मनीला, 14 नवंबर (वार्ता) फिलीपींस की एक अदालत ने बच्चों की यौन तस्करी के आरोपों में अमेरिका के वांछित और जेल में बंद एक धर्मोपदेशक को अमेरिका भेजे जाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी । स्वयं को ‘ईश्वर का पुत्र’ घोषित करने वाला अपोलो क्विबोलोय वर्तमान में मानव तस्करी के एक अलग मामले में मुकदमे का सामना कर रहा है और फिलीपींस जेल में बंद हैं। इस मामले में दोषी पाए जाने पर आजीवन कारावास की सजा का प्रावधान है।
सरकार ने सोमवार को निचली अदालत में याचिका दायर कर क्विबोलोय को अमेरिका प्रत्यर्पित करने की अनुमति मांगी थी। फिलीपींस के कानून के तहत, प्रत्यर्पण पर अंतिम निर्णय लेने से पहले अदालत को अब इस मामले में सुनवाई करनी होगी।
पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते के सहयोगी क्विबोलोय को 2024 में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने हालांकि फिलीपींस में लगे आरोपों से इनकार किया था। एक अमेरिकी ग्रैंड जूरी ने 2021 में जबरदस्ती, धोखाधड़ी और दबाव के जरिए यौन तस्करी की साजिश रचने, बच्चों की यौन तस्करी और बड़े पैमाने पर नकदी की तस्करी के आरोपों में क्विबोलोय पर अलग से अभियोग तय किया था। अमेरिकी अभियोग में आरोप है कि 70 वर्ष से अधिक आयु के क्विबोलोय के लिए महिलाओं को निजी सहायक के रूप में भर्ती किया जाता था, जिनका काम उनके लिए भोजन बनाना, आवास की सफाई करना, मालिश करना और उनके साथ शारीरिक संबंध बनाना था। अमेरिका ने अगस्त में औपचारिक रूप से उनके प्रत्यर्पण की मांग की थी।
क्विबोलोय का ‘किंगडम ऑफ क्राइस्ट’ संप्रदाय मुख्य रूप से कैथोलिक बहुल इस एशियाई देश में लाखों अनुयायियों का दावा करता है और एक टेलीविजन नेटवर्क का संचालन भी करता है। जेल में बंद होने के बावजूद उसे देश के 2025 के मध्यावधि चुनावों में सीनेट के लिए चुनाव लड़ने की अनुमति मिली थी और उसे 56 लाख वोट हासिल हुए थे लेकिन वह चुनाव हार गया था।

