हंगरी : भ्रष्टाचार मामले में पूर्व मंत्री के ठिकानों से करीब 189 करोड़ रुपये की नकदी बरामद

बुडापेस्ट, 14 नवंबर (वार्ता) हंगरी के पूर्व दक्षिणपंथी नेता विक्टर ओर्बान के कार्यकाल में मंत्री रहे मिक्लोस सेज्टाक के यहां की गई छापेमारी में करीब दो करोड़ डॉलर (लगभग 188.5 करोड़ रुपये) नकद बरामद किए गए हैं। इनमें से कुछ नकदी जंगलों में दबी हुई थी या खेतों की इमारतों और गोदामों में छिपाई गई थी। इसी वर्ष अप्रैल में हुए चुनावों में, प्रधानमंत्री पीटर मग्यार ने 16 वर्षों तक सत्ता में रहे राष्ट्रवादी नेता विक्टर ओर्बान को सत्ता से बेदखल कर दिया था। इसके साथ ही उन्होंने श्री ओर्बान के कार्यकाल में वर्षों के टकराव से बिगड़े यूरोपीय संघ के साथ संबंधों को सुधारने और भ्रष्टाचार के आरोपों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ने का संकल्प लिया था।

अलग-अलग मामले में ओर्बान सरकार के दो पूर्व मंत्री और केंद्रीय बैंक के पूर्व प्रमुख ग्योर्गी माटोल्सी भी भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार हैं। उन्होंने हालांकि किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है।अधिकारियों ने मानव तस्करी के एक मामले में श्री ओर्बान के भाई को भी हिरासत में लिया है, जिसे पूर्व नेता ने राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताकर खारिज कर दिया था।

ये कार्रवाइयां उस भ्रष्टाचार-विरोधी अभियान का हिस्सा है, जिसे मध्य-दक्षिणपंथी नेता मग्यार ने ‘ऑपरेशन पर्गेटरी” नाम दिया है। इस सप्ताह समाचार वेबसाइट एचवीजी पर जारी ‘मेडियन’ सर्वेक्षण एजेंसी के एक सर्वेक्षण में 70 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने इसे ‘अत्यंत महत्वपूर्ण’ माना है।
राष्ट्रीय संपत्ति वसूली और संरक्षण कार्यालय ने शुक्रवार देर रात जारी बयान में कहा है, “तलाशी के दौरान जांचकर्ताओं को जंगलों में जमीन के नीचे दबाई गई, फार्महाउसों, गोदामों और एक आवासीय संपत्ति में छिपाई गई तथा एक सुनसान इलाके में बेहद सुरक्षित तिजोरी में रखी गई भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई है।”

वित्त मंत्री एंड्रास कर्मन ने बताया कि इस नकदी 5.07 अरब फोरिंट (लगभग 144.5 करोड़ रुपये), 2.66 मिलियन यूरो (लगभग 27.6 करोड़ रुपये) और 1.26 मिलियन डॉलर (लगभग 11.9 करोड़ रुपये) को पांच नोट गिनने वाली मशीनों की मदद से गिनने में 12 कर्मचारियों को आठ घंटे लगे।
वर्ष 2014 से 2018 के बीच श्री ओर्बान के विकास मंत्री रहे सेज्टाक ने किसी भी गड़बड़ी से इनकार किया है। उनके अधिवक्ता गैबोर पप्प ने वसूली कार्यालय के बयान पर टिप्पणी के लिए ईमेल के जरिए किए गए अनुरोध का कोई जवाब नहीं दिया।

श्री मग्यार ने कहा कि बरामद की गई नकदी उस व्यवस्था के अंत का संकेत है, जिसे उन्होंने श्री ओर्बान के 16 वर्ष के शासन के दौरान श्री ओर्बान की दक्षिणपंथी फिडेज पार्टी और उनके क्रिश्चियन डेमोक्रेट सहयोगियों के नेतृत्व वाला ‘माफिया’ करार दिया था। राजनीतके विश्लेषक गैबोर टोरोक ने कहा कि नकदी के बड़े ढेरों की तस्वीरें इतनी स्पष्ट थीं कि उन्होंने संभवतः फिडेज पार्टी के पतन की इबारत लिख दी है। मेडियन के एक सर्वेक्षण से पता चला है कि चुनाव से पहले के स्तर की तुलना में नवंबर तक पार्टी का जन समर्थन आधा घटकर केवल 16 प्रतिशत मतदाताओं तक रह गया है।

.....

Next Post

MP में अभी ठंड की रफ्तार धीमी, मौसम वैज्ञानिक से जानिए कब चलेगी शीतलहर

Sat Nov 14 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश में 15 नवंबर आ गया है और नवंबर का आधा महीना बीत चुका है, लेकिन प्रदेश में अभी तक ठंड का खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल ऐसा कोई मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, जिसका प्रदेश के मौसम पर प्रतिकूल […]

You May Like