
सतना। जिले के नागौद-कालिंजर मार्ग पर सिंहपुर सायलो के सामने सोमवार देर रात से भीषण जाम लग गया। समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने आए किसानों के वाहनों की भारी भीड़ के कारण यह स्थिति बनी। यहां करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा, जिसे मंगलवार सुबह 10 बजे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़े किसानों के स्लॉट बुक होने के बाद वे अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर एक साथ खरीदी केंद्र पहुंचने लगे। अचानक भीड़ बढ़ने से केंद्र के बाहर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। किसानों ने अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़क पर ही खड़ी कर दीं, जिससे मुख्य मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया।
बताया गया कि सिंहपुर सायलो में 14 समितियों के माध्यम से गेहूं की खरीदी की जा रही है। शुरुआत में किसानों के वाहनों की एक ही कतार थी, लेकिन भीड़ बढ़ने पर दूसरी लाइन भी बन गई। इसी बीच कुछ ट्रक चालकों ने तीसरी लाइन बनाकर आगे निकलने का प्रयास किया, जिससे अव्यवस्था फैल गई और जाम की स्थिति गंभीर हो गई।
एंबुलेंस सहित अन्य वाहन फंसे
स्थानीय लोगों ने बताया कि सायलो के आसपास वाहनों के निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। रात में पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया था, लेकिन किसानों ने ट्रॉलियां हटाने से मना कर दिया। 10 घंटे तक लगे इस जाम के कारण आम यात्रियों के साथ-साथ बसें और एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुईं।
