
सतना। शहर में आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम द्वारा कमर कस ली गई है. इसी कड़ी में मंगलवार को आयोजित नगर सरकार के मंत्रिमण्डल की बैठक में संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई. जिसके अनुसार बधियाकरण और टीकाकरण के लिए 980 रु प्रति कुत्ते की दर से निविदा प्राप्त करने वाली एजेंसी को भुगतान किया जाएगा.महापौर योगेश कुमार ताम्रकार की अध्यक्षता में मंगलवार को नगर निगम की मेयर-इन-कौंसिल की बैठक आयोजित हुई.
इस बैठक में नगर विकास कार्यों से संबंधित 8 प्रस्ताव सहित अन्य प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. जिसमें प्रमुख तौर पर शहर में कुत्तों की जनसंख्या के नियंत्रण को लेकर सामने आया प्रस्ताव सम्मिलित रहा. दरअसल शहर में कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण को लेकर नगर निगम द्वारा निविदा आमंत्रित की गई थी. एकल निविदा प्राप्त होने की वजह से पहली बार निरस्त कर दिया गया. वहीं दूसरी बोर सामने आई निविदा में भी यही स्थिति देखने को मिली. लिहाजा निविदा के तृतीय काल में प्राप्त न्यूनतम दर के आधार पर प्राप्त निविदा को स्वीकार कर लिया गया. संविदाकार मां बंगलामुखी सेवा समिति की ओर से 979.99 रु प्रति कुत्ते की दर से निविदा प्रस्तुत की गई थी जो कि न्यूनतम पाई गई. जिसे देखते हुए मंगलवार को आयोजित एमआईसी की बैठक में उक्त निविदा को हरी झण्डी दे दी गई. जिसके अनुसार बाधियाकरण और टीकाकरण करने के लिए संविदाकार को 980 रु प्रति कुत्ते की दर से नगर निगम द्वारा भुगतान किया जाएगा. टीकाकरण के अंतर्गत कुत्तों को रैबीज का टीका लगवाया जाना भी शामिल है. महापौर श्री ताम्रकार के अनुसार आवारा कुत्तों के बधियाकरण और टीकाकरण के संपूर्ण कार्या की निगरानी के लिए 5 सदस्यीय समिति का गठन भी किया गया है.
नामकरण की स्वीकृति
एमआईसी की बैठक में शहर के कुछ प्रमुख स्थलों के नामकरण से संबंधित प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई. जिसके अनुसार पीएम आवास मुख्य चौराहे का नाम श्री सहस्त्रबाहु महाराज चौक करने और वहां पर भगवान श्री सहस्त्रबाहु महाराज की प्रतिमा स्थापित की जाएगी. बदखर में परशुराम मंदिर के सामने स्थित तालाब का नाम परशुराम सरोवर और उसके सामने स्थित तालाब का नाम नरसिंह सरोवर किया जाएगा. वार्ड क्र. 40 में 150 वर्ष पुराने श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर से लेकर दद्दू चौक का नाम श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर मार्ग होगा. बम्हनगवां की ओर जाने वाले मार्ग का राधापुरम मार्ग के तौर पर जाना जाएगा. शहर के पुरान पावर हाउस चौका का नया नाम अब हुकुमचंद जैन मार्ग होगा. गौरतलब है कि स्व. श्री जैन को श्रमजीवी पत्रकारिता का जनक माना जाता है. इसी कड़ी में राम बिहार कालोनी स्थित पार्क का नाम भगवान परशुराम पार्क, प्रभात बिहार कालोनी स्थित पार्क का नाम स्वामी परमनंद परमहंस पार्क और राजेंद्र नगर गली नं. 8 में स्थित पार्क का नाम पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क होगा.
