नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गाजीपुर इलाके में नकली इंजन ऑयल बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 700 लीटर नकली इंजन ऑयल बरामद किया है। इसके साथ ही भारी मात्रा में नामी ब्रांडों के पैकिंग का सामान और मशीनें भी जब्त की गई हैं।
पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने बताया, “नकली उत्पाद बनाने वाली इकाइयों के खिलाफ एक विशेष अभियान शुरू किया गया था। पुख्ता सूचना के आधार पर हमारी टीम ने गाजीपुर में छापा मारा। वहां से नामी ब्रांडों के भारी मात्रा में नकली इंजन ऑयल और पैकिंग सामग्री बरामद की गई, जिससे नकली उत्पाद बनाने और उनकी सप्लाई करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा हुआ है।”
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राकेश कुमार छाबड़ा और कुलदीप सिंह के रूप में की है। इन दोनों की उम्र करीब 52 साल है।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों को कैस्ट्रोल, यामाहा, हीरो और बजाज जैसे ब्रांडों के नाम पर तैयार 28 कैन और 140 बोतलें नकली इंजन ऑयल मिला। इसके अलावा मौके से 550 से ज्यादा खाली बोतलें, स्टिकर, कूपन, एक सीलिंग मशीन और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लोकप्रिय ब्रांडों के नाम पर बाजार में नकली इंजन ऑयल बनाकर आपूर्ति कर रहे थे।यह गिरोह खुले में मिलने वाले सस्ते तेल को नामी ब्रांडों के डिब्बों में भरता था और फिर उन्हें सील करके बाजार में वितरण के लिए भेज देता था।
