
छिंदवाड़ा. बोलेरो वाहन में अवैध रूप से सागौन की तस्करी की जा रही थी. वन विभाग ने वाहन को रोकने की कोशिश की तो वाहन वहां से भागने लगा और ग्राम तंसरा के पास आनियंत्रित होकर पलट गया. वन अमला भी वाहन का पीछा कर रहा था आखिरकार वन अमले ने वाहन में सवार चार लोगों को पकड़ लिया और वाहन पलटने से घायल आरोपियों का उपचार भी कराया. वन अमले ने वाहन में भरे सागौन के 10 लटठे जब्त किया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को छिंदवाड़ा परिक्षेत्र अधिकारी नीरज बिसेन को मुखबिर के द्वारा सूचना मिली कि बुलेरो वाहन तंसरा से होता हुआ बिछुआ की ओर जाने वाला है उक्त वाहन में अवैध रूप से सागौन की तस्करी की जा रही है. मुखबिर की सूचना के बाद परिक्षेत्र अधिकारी नीरज बिसेन अपनी टीम के साथ ग्राम तंसरा पहुंच गए. देर रात दो बजे लगभग उनको बोलेरो क्रमांक एमएच 33 ए 1935 सामने की ओर से आते दिखाई दिया. वन अमले ने उक्त वाहन को जाच के लिए रोकने की कोशिश की लेकिन वाहन चालक वाहन को लेकर बिछुआ की ओर भागने लगा. इस पर वन अमले ने भी वाहन का पीछा किया. लेकिन बोलेरो वाहन अवैध सागौन लेकर भागते समय ग्राम तंसरा से बिछुआ मार्ग पर कुछ दूर जाने के बाद पलट गया. उक्त वाहन में 10 नग सागौन के लटठे भर कर तस्करी करने वाले आकाश मरावी 20 वर्ष , रवि परतेती 25 वर्ष, पवन परतेती 22 वर्ष, दुर्गेश परतेती 26 वर्ष को हिरासत में ले लिया. लेकिन दुघर्टना में घायल होने पर वन अमले ने घायल रवि परतेती और दुर्गेश परतेती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया साथ ही अजय परतेती, अंकुश परतेती और अनिल उईके अंधेरे का फायदा उठा कर वहां से भाग निकले. वन अमले फरार आरोपियों की तलाश में जुट हुआ है. वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन अपराध के तहत प्रकरण दर्ज किया है. उक्त कार्रवाई में छिंदवाड़ा परिक्षेत्र अधिकारी नीरज बिसेन, वनरक्षक अमित साकरे, नितेन्द्र लोखंडे, हरीश नागवंशी, प्रवीण चंद्रपुरी, वन सुरक्षा समिति अध्यक्ष भण्डारपुर का विशेष योगदान रहा.
