कांग्रेस के विचार को कमजोर करने की साजिश रच रही भाजपा: जीतू पटवारी

 

*श्याम सुंदर यादव पुन: चुने गए इंटक के प्रदेश अध्यक्ष*

ग्वालियर। मध्यप्रदेश राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के श्रम शिविर में चल रहे 22वें प्रांतीय अधिवेशन में दूसरे दिन मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर कांग्रेस के विचार को क्षति पहुंचाने का आरोप लगाते हुए इंटक एवं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे सभी अपनी एकजुटता बनाए रखते हुए कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करें। उन्होंने अपने संबोधन में दृढ़ विश्वास व्यक्त किया कि परिवर्तन का आगाज ग्वालियर चंबल की क्रांतिकारी धरती से ही होगा। अधिवेशन के द्वितीय दिवस के सत्र को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि जो शरीर से श्रम करता है, वही इस देश का असली राजा है। उन्होंने कहा कि दोनों विचारधाराओं के बीच अंतर यही है कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी गरीब व निम्न मध्यमवर्गीय लोगों से मिलते हैं जबकि खुद को गरीबों का हितैषी बताने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पास सिर्फ अंबानी और अडानी से ही मिलने का वक्त है। कांग्रेस ने जातिगत जनगणना की पैरोकारी की है लेकिन इसको लेकर भ्रम पैदा किया जा रहा है जबकि वे लोग यह भूल जाते हैं कि जातिगत जनगणना से आर्थिक सर्वे भी स्वत: हो जाएगा जिसका लाभ समाज के सभी वर्गों को मिलेगा और उसी के अनुरूप सर्व समावेशी विकास की योजनाएं बनाने का पथ प्रशस्त हो सकेगा।

इंटक के प्रांतीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए विशेष अतिथि प्रदेश के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि इंटक में काम करने वाले 70 से 80 प्रतिशत लोग वे हैं जो विगत तीस चालीस वर्ष से इस मजदूर संगठन से जुड़े हैं, इंटक में नई पीढ़ी का प्रवेश और सक्रिय भूमिका निभाना जरूरी है, लिहाजा इंटक की स्थापित वरिष्ठ पीढ़ी को ऐसी नीतियां बनानी होंगी जिससे नए लोगों को अपनी विचारधारा के प्रति आकर्षित किया जा सके, तभी इंटक मजबूत बनेगी और जाहिर तौर पर इसका लाभ कांग्रेस संगठन को भी मिलेगा। इसके अलावा राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, प्रदेश कांग्रेस महासचिव प्रवीण पाठक, शहर जिलाध्यक्ष डॉ.देवेंद्र शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे, पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव, विधायक साहब सिंह गुर्जर, सुरेश राजे, महेश परमार, पंकज उपाध्याय, केशव देसाई, देवेंद्र शंखवार, पूर्व विधायक मेवाराम जाटव एवं युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष मितेंद्र यादव मंचासीन रहे। प्रांतीय अधिवेशन में इंदौर के वरिष्ठ श्रमिक नेता श्याम सुन्दर यादव को पुन: मध्यप्रदेश राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) का प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। प्रारंभ में इंटक के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नाती ने स्वागत उदबोधन देते हुए ग्वालियर चंबल क्षेत्र सहित समग्र मध्यप्रदेश में चल रही इंटक की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। अधिवेशन में इंटक के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष रतिराम यादव, प्रदेश सचिव अशोक गोस्वामी, तरुण कुशवाह, ठेका संघ के प्रदेश महामंत्री विश्वेश्वर गोस्वामी एवं प्रदेश से आए सभी पदाधिकारियों के साथ प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Next Post

ईद पर बदली व्यवस्था, इंदौर-उज्जैन और राजगढ़ की बसें नहीं जाएंगी नादरा बस स्टेंड 

Sun Mar 30 , 2025
भोपाल। ईद-उल-फितर पर कल भोपाल में ईदगाह में होने वाली भीड़ को देखते हुए सुबह 06:00 बजे से 11:00 बजे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इंदौर-उज्जैन और राजगढ़ (ब्यावरा) से आने वाली बसें लालघाटी से नादरा बस स्टैंड की ओर नहीं जा सकेंगी। इन बसों का अंतिम […]

You May Like