
सीधी। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी ने बताया कि राज्य शासन द्वारा तालाबों, नदियों, जलाशयों एवं अन्य जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्जीवन हेतु जल गंगा संवर्धन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखते हुए जनसामान्य में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसी क्रम में दिनांक 2 मई 2026 को पुलिस विभाग एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा पुलिस लाइन स्थित सूखा नाला में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में रक्षित निरीक्षक, रक्षित केंद्र सीधी वीरेंद्र कुमरे के नेतृत्व में पुलिस बल एवं नगर पालिका के कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सफाई अभियान के दौरान नाले के आसपास फैली गंदगी को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया तथा आमजन को स्वच्छता बनाए रखने एवं जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री कोरी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें तथा जल गंगा संवर्धन अभियान को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
