सतना:जसो थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार के कारण कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से हुआ। मृतक की पहचान अमकुई निवासी पवन सोनी के रूप में हुई है। वे वर्तमान में सतना के धवारी में रहते थे। बताया जा रहा है कि पवन शुक्रवार को भांजे की शादी में शामिल होने ओंकार पैलेस गए थे।
समारोह के बाद शनिवार दोपहर वे रिश्तेदारों को कार से गांव छोडऩे के लिए निकले थे। अमकुई गांव के नजदीक पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक पवन सोनी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार सवार तीन बच्चों सहित पांच लोग घायल हुए हैं।
घायलों को तत्काल नागौद अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। घायलों में 7, 9 और 11 साल के बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजन उन्हें आगे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही जसो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।
