शोपियां में मुठभेड़ का छठा दिन, दूसरे लश्कर आतंकवादी की तलाश जारी

श्रीनगर, 09 जुलाई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में लश्कर-ए-तैयबा के एक कमांडर के मारे जाने के एक दिन बाद गुरुवार को सुरक्षा बलों ने उसके सहयोगी की तलाश जारी रखी और आतंकवाद विरोधी अभियान लगातार छठे दिन में प्रवेश कर गया। अधिकारियों ने बताया कि सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीमों ने मीमंदर-चनापोरा इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। दो लश्कर आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद चार जुलाई को अभियान शुरू किया गया था।

अभियान के दौरान आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच अब तक दो बार गोलीबारी हुई है। पहली मुठभेड़ शनिवार शाम और दूसरी बुधवार सुबह हुई। अधिकारियों के अनुसार बुधवार सुबह सुरक्षा बलों ने स्थानीय लश्कर कमांडर जाकिर अहमद गनई को मार गिराया। कुलगाम जिले के मोटलहामा गांव का निवासी जाकिर सितंबर 2023 में आतंकवादी संगठन में शामिल हुआ था। जाकिर के मारे जाने के बाद कश्मीर में अब केवल एक स्थानीय आतंकवादी के सक्रिय होने का अनुमान है, जबकि सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक घाटी में करीब 20 से 30 पाकिस्तानी आतंकवादी अभी भी सक्रिय हैं। अधिकारियों ने कहा कि इलाके की पूरी तरह तलाशी होने और दूसरे आतंकवादी को गिरफ्तार या मार गिराए जाने तक अभियान जारी रहेगा।

Next Post

Annapurti Grain ATM: भिलाई में अब ATM से मिलेगा राशन, जानिए कैसे करेगा काम

Thu Jul 9 , 2026
रायपुर। छत्तीसगढ़ के भिलाई में अब राशन की व्यवस्था पूरी तरह बदलने जा रही है। यहां जिले का पहला ‘अन्नपूर्ति ग्रीन एटीएम’ शुरू होने वाला है। इस खास मशीन से राशन कार्डधारी 24 घंटे, कभी भी अपना चावल ले सकेंगे। बस मशीन में राशन कार्ड नंबर डालिए, फिर बायोमेट्रिक यानी […]

You May Like