जबलुपर: मप्र हाईकोर्ट की मुख्यपीठ जबलपुर के नवागत प्रशासनिक न्यायाधीश विवेक रूसिया व जस्टिस एसएन भट्ट के सम्मान में गुरुवार को अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सिल्वर जुबली आदर्श सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक न्यायाधीश ने कहा कि हाईकोर्ट बार जैसा अपनापन और कहीं नहीं मिलता।
चूंकि यहीं से वकालत की शुरुआत कर न्यायिक आसंदी तक पहुंचने का सौभाग्य मिला, अत: इस बार के प्रति हमेशा कृतज्ञ रहूंगा। इस अवसर पर प्रशासनिक न्यायाधीश विवेक रूसिया व जस्टिस एसएन भट्ट के साथ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा, एमपी स्टेट बार काउंसिल के चेयरमैन राधेलाल गुप्ता, अतिरिक्त महाधिवक्ता हरप्रीत रूपराह, हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार अध्यक्ष संजय अग्रवाल, हाईकोर्ट बार अध्यक्ष धन्य कुमार जैन, सचिव परितोष त्रिवेदी, जिला बार अध्यक्ष मनीष मिश्रा मंचासीन रहे।
