सिंगरौली: जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में कलेक्टर गौरव बैनल के औचक निरीक्षण के दौरान विद्यार्थी उत्साहित नज़र आए। कक्षा 10वीं में पहुंचकर कलेक्टर ने बच्चों से पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली और अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्सुकता से प्रश्न पूछा कि “साहब, आईएएस और आईपीएस कैसे बनते हैं?” इस पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा की तैयारी, उसके चरण और आवश्यक परिश्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्रों ने भी अपनी इच्छाएं जताते हुए कहा कि वे आगे चलकर आईएएस, आईपीएस और डॉक्टर बनना चाहते हैं।
कलेक्टर ने उन्हें 12वीं के बाद अच्छे कॉलेजों में प्रवेश लेकर एकाग्रता और मेहनत के साथ लक्ष्य हासिल करने की सलाह दी। वहीं, प्रयोगशालाओं की अव्यवस्थित स्थिति देखने पर उन्होंने असंतोष जताते हुए भौतिक, रसायन, जीव विज्ञान एवं टिंकर लैब में दो दिनों के भीतर साफ-सफाई और आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान डीईओ एस.बी. सिंह, प्राचार्य पी.एन. दुबे एवं लैब प्रभारी शिक्षक उपस्थित रहे।
