
सिंगरौली जिले के मोरवा वार्ड क्रमांक-3 के मेन मार्केट स्थित रुक्मणि भवन के एक पुराने मकान का छज्जा सोमवार शाम करीब 5 बजे अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय छज्जे के नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। जिस स्थान पर छज्जा गिरा, उसके आसपास गली में कई दुकानें संचालित होती हैं और दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है।
गृहस्वामी के मुताबिक मकान करीब 30 वर्ष पुराना है। उनका कहना है कि क्षेत्र में एनसीएल की ओर से होने वाली तेज ब्लास्टिंग के कारण मकान में कई जगह पहले से ही दरारें आ गई थीं। लगातार हो रही बारिश के कारण मकान का कमजोर हिस्सा और जर्जर हो गया और सोमवार शाम छज्जा अचानक नीचे आ गिरा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बताया कि बाजार क्षेत्र में इस तरह के पुराने मकानों और दुकानों के आसपास लगातार लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में जर्जर हिस्सों का गिरना गंभीर खतरा बन सकता है।
*मोरवा में कई पुराने मकानों पर खतरा*
गौरतलब है कि मोरवा क्षेत्र में कई मकान, दुकानें और विद्यालय तीन दशक या उससे भी अधिक पुराने हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, आसपास बढ़ते खनन क्षेत्र में होने वाली ब्लास्टिंग के कंपन से पुराने भवनों में दरारें पड़ने की शिकायतें सामने आती रही हैं। बारिश के दौरान इन कमजोर भवनों की स्थिति और खराब होने से हादसे का खतरा बढ़ जाता है।
