
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं और उनसे पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के मजबूत करने और जन-कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने की अपील की है। श्री मोदी ने भाजपा के नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “भाजपा के सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों और पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालने वाले सभी साथियों को हार्दिक बधाई।
इस ऊर्जावान टीम के पास न केवल संगठन का भरपूर अनुभव है, बल्कि ज़मीनी स्तर पर भी मज़बूत पकड़ है। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे ये साथी पूरी निष्ठा के साथ पार्टी को मज़बूत करेंगे और जन-कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। सभी को मेरी शुभकामनाएं।” श्री नवीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पार्टी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “भाजपा की राष्ट्रीय टीम में नवनियुक्त सभी पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। अनुभव और ऊर्जा से भरपूर यह टीम, सम्मानित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को नयी गति प्रदान करेगी। मुझे पूरा विश्वास है कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं से प्रेरित होकर टीम के सभी सदस्य संगठन को और मजबूत बनाएंगे तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प और राष्ट्र-सेवा के मिशन को नयी ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। ”
