मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम इस वक्त पाकिस्तानी टीम के नामी खिलाड़ी हैं, लेकिन इन दोनों का प्रदर्शन इस बात की गवाही नहीं देता है।
करीब साढ़े तीन दशक के लंबे इंतजार के बाद वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज जीतकर नया इतिहास रच दिया। तीसरे और निर्णायक मुकाबले में कैरेबियाई टीम ने मेहमानों को 202 रन के भारी अंतर से मात दी, जो पाकिस्तान के लिए बेहद शर्मनाक हार साबित हुई। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने अपने घरेलू मैदान पर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। पूरे मैच के दौरान मेज़बान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि पाकिस्तान की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही बुरी तरह लड़खड़ा गईं।
इसका नतीजा यह हुआ कि अंतिम मुकाबले में पाकिस्तानी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और कैरेबियाई खिलाड़ियों के सामने नहीं टिक सकी। पाकिस्तान की इस हार का सबसे बड़ा कारण बाबर आजम और कप्तान मोहम्मद रिजवान हैं। इन दोनों के खराब प्रदर्शन के कारण पाकिस्तान ने कैरेबियाई की धरती पर अपनी नाक कटाई है। ये दोनों खिलाड़ी पूरे सीरीज में फ्लॉप रहे।
