
भोपाल। पुरानी विधानसभा के पास एक युवक पर पेपर कटर से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है. पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है.
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को देर रात आरोपी पिता-पुत्रों ने मिलकर पीड़ित सनी सिंह (24) पर जानलेवा हमला किया. सनी पुरानी विधानसभा के पास रहता है और उसके ही पड़ोस में रहने वाले दीपक बहादुर से उसका पुराना विवाद चल रहा है. सनी के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दीपक रात के करीब 11 बजे चंपाबाई चौराहे पर सनी से मिला. दीपक ने अपने बेटे के साथ मिलकर सनी से विवाद करते हुए पेपर कटर से हमला कर दिया. इस हमले में सनी गंभीर रूप से घायल हो गया. झगड़े के दौरान सनी ने भी दीपक पर डंडे से हमला किया, जिससे उसे भी गंभीर चोट आई है. दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने दीपक और उसके बेटों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है. मामले दूसरे पक्ष की रिपोर्ट पर सनी सिंह के खिलाफ भी मारपीट का केस दर्ज किया गया है.
