यूक्रेन पर वार्ता विफल: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पुतिन के साथ प्रस्तावित बैठक रद्द की, बोले- “ऐसी मुलाकात समय की बर्बादी

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर 2025: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर अब विराम लग गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि कूटनीतिक प्रयासों में प्रगति की कमी का हवाला देते हुए उन्होंने पुतिन के साथ प्रस्तावित बैठक रद्द कर दी है। ट्रंप ने कहा, “मुझे यह ठीक नहीं लगा। मुझे नहीं लगा कि हम उस स्तर पर पहुंच पाएंगे, जहाँ हमें पहुँचना था।”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में मीडिया से कहा कि पुतिन के साथ ऐसी मुलाकात “समय की बर्बादी” होगी। उन्होंने कहा, “ईमानदारी से मैं बस इतना ही कह सकता हूँ कि जब भी मैं व्लादिमीर से बात करता हूँ, मेरी बातचीत अच्छी होती है और फिर वे किसी नतीजे पर नहीं पहुँचते।” यह फैसला सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के बीच फोन पर हुई बातचीत के बाद लिया गया।

बैठक रद्द होने के साथ ही अमेरिका ने रूस पर नए प्रतिबंध लगाते हुए उसकी दो सबसे बड़ी तेल कंपनियों (रोसनेफ्ट और लुकोइल) को निशाना बनाया है। इजरायल-हमास युद्धविराम के बाद रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध रोकने को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत से दावा किया था कि वह राष्ट्रपति बनते ही रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवा देंगे, जिसके लिए वह लगातार कोशिशें कर रहे हैं।

Next Post

सऊदी अरब ने 70 साल पुराना 'कफाला सिस्टम' खत्म किया, 1.3 करोड़ विदेशी कामगारों को बड़ी राहत

Thu Oct 23 , 2025
नई दिल्ली, 23 अक्टूबर 2025: सऊदी अरब सरकार ने 70 साल पुराने ‘कफाला सिस्टम’ को खत्म कर दिया है, जिससे देश में कार्यरत विदेशी मजदूरों को बड़ी राहत मिलेगी। यह बदलाव जून 2025 में घोषित किया गया था और इससे 1.3 करोड़ से अधिक विदेशी मजदूरों को फायदा होगा। अब […]

You May Like