
इंदौर. बुधवार को सन सिटी इलाके में देर शाम हुई सनसनीखेज घटना ने लोगों को हड़कंप मचा दिया. प्रॉपर्टी ब्रोकर मनोज नागर पर बाइक सवार चार अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस हमले में उन्हें पेट और हाथ में गोली लगी. गंभीर हालत में मनोज नागर को तुरंत बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया है और उनका इलाज जारी है.
जानकारी के अनुसार, मनोज नागर अपनी फॉर्च्यूनर कार से ऑफिस से लौट रहे थे. सन सिटी के पास दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और अचानक फायरिंग शुरू कर दी. हमलावर हेलमेट पहने थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया. गोली लगने के तुरंत बाद मनोज नागर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. मामले में लसूड़िया पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान जल्द ही कर ली जाएगी और उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. प्रारंभिक जांच में पुरानी दुश्मनी या आपसी रंजिश के कारण हमले की संभावना जताई जा रही है.
