गन्ना व्यापारी पर चाकू से जानलेवा हमला

जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत पंचमठा मंदिर सामुदायिक भवन के पास वाहनों की मामूली टक्कर के बाद विवाद इस कदर बढ़ा कि एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। दो आरोपियों ने मिलकर एक गन्ना व्यापारी को लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गए। घायल युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आनंद नगर केवट बगीचा निवासी 20 वर्षीय सागर कुशवाहा उर्फ शिवांशु, आनंद नगर बस स्टॉप के सामने गन्ना और नारियल का ठेला लगाता है। बीती रात करीब 10 बजे वह अपने दोस्त मयंक सिंह ठाकुर के साथ अपनी सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल एमपी 20 जेड एस 2679 में पेट्रोल डलवाने अधारताल पेट्रोल पंप गया था। वहां से लौटते समय मुख्य सड़क की क्रॉसिंग पर उनकी बाइक, सब्जी विक्रेता नितेश राय के सफेद रंग के छोटा हाथी लोडिंग वाहन से टकरा गई। हादसे के बाद बातचीत करने के लिए सागर ने नितेश को रोका। इसके बाद दोनों पक्ष पंचमठा मंदिर सामुदायिक भवन के पास पहुंचे। वहां नितेश राय और उसका एक अन्य साथी सागर के साथ झूमाझपटी करने लगे। नितेश ने कहा, तूने मेरी गाड़ी में टक्कर मारकर नुकसान किया है, मुझे अभी 2000 हर्जाना दे। जब सागर ने गाली देने से मना किया और पैसे देने का विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। नितेश राय ने सागर को पीछे से कसकर पकड़ लिया और उसके साथी ने जेब से धारदार चाकू निकालकर सागर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगने से सागर की कलाई पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग इकट्ठा होते, दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अपने लोडिंग वाहन से भाग निकले।

Next Post

लोकायुक्त की कार्रवाई: 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रीडर रंगे हाथ गिरफ्तार

Tue Jun 16 , 2026
सिवनी। लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वतखोरी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एडीएम कार्यालय में पदस्थ रीडर माधव प्रसाद तिवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि एक प्रकरण में अनुकूल आदेश कराने के एवज में शिकायतकर्ता से […]

You May Like