पुलिसकर्मी से लूट करने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार साथियों की तलाश जारी

ग्रेटर नोएडा 26 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के दादरी में पुलिसकर्मी से लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश को दादरी थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मंगलवार सुबह यह जानकारी दी उन्होंने बताया कि 20/21 मई की रात एक पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में अपने घर जा रहा था। इसी दौरान आरोपी रंजीत कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मी को सवारी ले जाने के बहाने कार में बैठाया और फिर उसके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही दादरी थाना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।

सोमवार को दादरी थाना पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने पेरीफेरल अंडरपास के पास चिटहरा नहर क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, जिस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी रंजीत कुमार घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत कुमार पुत्र रामसेवक निवासी ग्राम जिटोली, थाना निधौली कलां, जिला एटा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की है।

घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। वहीं फरार दो अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

दादरी थाना में संबंधित मामले में बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है।

 

Next Post

गंगा दशहरा पर संतोषी माता तालाब से गूँजा जल संरक्षण का संकल्प

Tue May 26 , 2026
सतना: गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के “जल गंगा संवर्धन अभियान-2026” के अंतर्गत नगर पालिक निगम सतना द्वारा संतोषी माता तालाब परिसर में भव्य जनसहभागिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने सहभागिता करते हुए जल […]

You May Like