नर्मदापुरम में आंधी-बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, खरीदी केंद्रों पर भीगा सैकड़ों क्विंटल गेहूं

नर्मदापुरम। पिछले तीन दिनों से मौसम में बने बदलाव के बीच तेज आंधी और बारिश ने जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक नुकसान पहुंचाया. कई जगह पेड़ गिर गए, सोलर पैनल और टीन की चादरें उड़ गईं, जिससे शहर सहित कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही. खेतों, खलिहानों और खरीदी केंद्रों में खुले में रखा गेहूं भीग गया, वहीं उड़द और मूंग की फसलों को भी नुकसान हुआ. हालांकि तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा.

शनिवार को हुई तेज और अचानक बारिश ने स्थिति और बिगाड़ दी. महज आधे घंटे में करीब पौन इंच बारिश दर्ज होने से आमजन के साथ किसानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा. जिले के कई खरीदी केंद्रों, विशेषकर नर्मदापुरम मंडी में समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदा गया गेहूं और चना बारिश में भीग गया.

जानकारी के मुताबिक, केवल नर्मदापुरम मंडी में ही करीब 100 क्विंटल अनाज भीगने की बात सामने आई है. इसका मुख्य कारण खरीदी केंद्रों पर तिरपाल और सुरक्षित भंडारण की कमी बताई जा रही है. कई स्थानों पर अनाज खुले में रखा था और बारिश से बचाने के लिए समय पर कोई इंतजाम नहीं किए गए.

राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष राकेश गौर ने बताया कि जिले के अधिकांश खरीदी केंद्रों पर ऐसी ही स्थिति रही. उनका कहना है कि मौसम में बदलाव के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई पूर्व तैयारी नहीं की गई, जिससे किसानों और सरकारी खरीदी दोनों को नुकसान हुआ.

खरीदी केंद्रों के अलावा किसानों के निजी खलिहानों में रखा गेहूं भी बेमौसम बारिश की चपेट में आ गया, जिससे उनकी मेहनत पर पानी फिर गया और आर्थिक नुकसान बढ़ गया. इस पूरी घटना ने खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे हालात से बचने के लिए हर केंद्र पर तिरपाल, शेड और सुरक्षित भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य होनी चाहिए.

Next Post

बिजली कटौती को लेकर फूटा लोगों का ग़ुस्सा

Sun May 3 , 2026
जबलपुर: शहर इन दिनों भीषण गर्मी के साथ-साथ गंभीर बिजली संकट से जूझ रहा है। पिछले एक सप्ताह से शहर के आधे हिस्से में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती ने आमजन का जीना मुश्किल कर दिया है। घंटों तक बिजली गुल रहने से जहां लोग गर्मी से बेहाल हैं, […]

You May Like