
रीवा। जिले के जनेह थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेहरा गांव में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. यहाँ दो मोटर साइकिलों की आमने-सामने से हुई जोरदार टक्कर में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई.
हादसे की सूचना मिलते ही जनेह थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. डायल 112 और पुलिस प्रशासन की सक्रियता के चलते सभी घायलों को बिना देरी किए त्यौंथर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी 6 घायलों की स्थिति अत्यंत नाजुक बताई है, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
