ग्वालियर: शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था पर नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने शुक्रवार को सख्त नाराजगी जताई। क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 14 के निरीक्षण में एजी ऑफिस पुल के पास सीवर ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहता मिला, जबकि महलगांव और आरोग्यधाम हॉस्पिटल के पास कचरे के ढेर नजर आए। नालियों में डेयरियों का गोबर बहने पर निगमायुक्त ने अधिकारियों को फटकार लगाई और लापरवाही पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
महलगांव में बार-बार सीवर चोक होने की वजह डेयरियों से निकलने वाला गोबर बताया गया। इस पर निगमायुक्त ने भैंस डेयरियों को सील करने के निर्देश दिए। उन्होंने तत्काल सीवर समस्या दूर करने और पूरे क्षेत्र में सफाई सुनिश्चित करने को कहा। खाली भूखंडों पर कचरा मिलने पर भी अधिकारियों को चेतावनी दी।
निगमायुक्त ने लोगों से कचरा डोर-टू-डोर टिपर वाहनों में डालने की अपील की। साथ ही क्षेत्रीय कार्यालय में संपत्तिकर और जलकर वसूली की समीक्षा कर राजस्व बढ़ाने के निर्देश दिए। कर्मचारी आवास कॉलोनी के पार्क चौकीदार की शिकायत पर उसे बदलने को भी कहा।
