पेपर लीक और भर्ती घोटालों के खिलाफ भोपाल से कांग्रेस का स्टूडेंट्स वॉयस अभियान शुरू

भोपाल। देशभर में परीक्षा प्रणाली से जुड़े विवादों, पेपर लीक, परिणामों में देरी और भर्ती घोटालों के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुवार को भोपाल से 40 दिवसीय ‘स्टूडेंट्स वॉयस’ (छात्रों की गूंज) अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। पार्टी ने इस अभियान को उन लाखों छात्रों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों की आवाज़ बताया, जिनका भविष्य लगातार सामने आ रही अनियमितताओं के कारण प्रभावित हो रहा है।

छात्रों ने सुनाई अपनी पीड़ा

अभियान के शुभारंभ अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था की खामियों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। पन्ना के मेधावी छात्र लक्ष्य मिश्रा ने बताया कि कक्षा 10वीं की हिंदी परीक्षा में मूल्यांकन त्रुटि के कारण उनके 17 अंक कम कर दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद सीबीएसई की ओर से उन्हें न्याय नहीं मिला।

वहीं खंडवा की नीट अभ्यर्थी खुशी ने कहा कि वर्षों की कठिन तैयारी के बाद भी परीक्षा से जुड़े विवादों ने छात्रों को असमंजस और मानसिक तनाव की स्थिति में पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा को लेकर उत्पन्न परिस्थितियों ने हजारों छात्रों के सपनों पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने केंद्र सरकार पर परीक्षा प्रबंधन में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकारी लापरवाही की सजा छात्रों को भुगतनी पड़ रही है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा प्रक्रिया की स्वतंत्र और तृतीय-पक्ष जांच कराने की आवश्यकता बताई। उनका कहना था कि प्रश्नपत्रों की छपाई से लेकर परिवहन और परीक्षा केंद्रों के संचालन तक पूरी व्यवस्था का ऑडिट कराया जाना चाहिए।

देशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा घोषित

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भर्ती परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा को समान अवसर का माध्यम बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क शिक्षा व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।

कांग्रेस ने अभियान के तहत अगले 40 दिनों में छात्र संवाद कार्यक्रम, जनजागरण अभियान और इंदौर से भोपाल तक विशाल साइकिल रैली आयोजित करने की घोषणा की है। अभियान का समापन 9 अगस्त 2026 को दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय प्रदर्शन के साथ होगा, जिसका नारा होगा “शिक्षा बचाओ, भविष्य बचाओ।”

Next Post

पासपोर्ट बनवाना जुलाई से होगा महंगा, सामान्य शुल्क 2,500 रुपये

Thu Jun 25 , 2026
नयी दिल्ली, 25 जून (वार्ता) सरकार ने 01 जुलाई से पासपोर्ट बनवाने या रिन्यू कराने के शुल्क में बढ़ोतरी कर दी है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को इस संबंध में एक अधिसूचना जारी की। इसमें बताया गया है कि 01 जुलाई से साधारण 36 पन्नों के नये पासपोर्ट बनवाने या […]

You May Like