सतना : मैहर जिले में बरही रोड पर भदनपुर की घाटी पर उतरने के दौरान ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई. जिसके चलते चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई. ट्रैक्टर ट्राली पर फ्लाई ऐश की ईंटे लदी हुई थीं.प्राप्त जानकारी के अनुसार एक बिना नंबर का ट्रैक्टर ट्राली मैहर से भदनपुर की ओर जा रहा था. जिस पर फ्लाई ऐश से बनी ईंटें लदी हुई थीं.
बताया गया कि ट्रैक्टर ट्राली जैसे ही बरही रोड पर सरला नगर सीमेंट प्लांट के पास पहुंची तो भदनपुर की घाटी से उतरने के दौरान अचानक अनियंत्रित हो गई. जिसके चलते देखते ही देखते ट्रैक्टर और ट्राली दोनों पलट गईं. वहीं ट्राली पर लदी फ्लाई ऐश की ईंटें भी बिखर गईं. जिसकी चपेट में आने से चालक व ट्रैक्टर पर सवार एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलने पर बदेरा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए.
दोनों लोगों को आनन-फानन में मैहर स्थित सिविल अस्पताल भेजा गया. जहां पर जांच करने पर चिकित्सक द्वारा दोनों को मृत घोषित कर दिया गया. मृतकों में से ट्रैक्टर चालक की पहचान संजू कोल उम्र 35 वर्ष निवासी बिरहुली सतना के तौर पर हुई. जबकि दूसरे मृतक की पहचान ग्राम बंधी थाना बदेरा मैहर निवासी रामकथि कोल उम्र 40 वर्ष के तौर पर हुई. ट्रैक्टर ट्राली पर नंबर नहीं होने के कारण मृतकों की पहचान करने के लिए पुलिस को काफी देर तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. वहीं घटनास्थल पर क्रेन को बुलाकर मार्ग पर पलटे ट्रैक्टर ट्राली को किनारे कराया गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है
