इंदौर: पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. मंडल ने 17 जून 2026 को एक ही दिन में 70 क्रैक ट्रेनों का सफल संचालन कर नया रिकॉर्ड बनाया है. इससे पहले 30 मई 2026 को 66 क्रैक ट्रेनों का संचालन मंडल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था.रेलवे अधिकारि मुकेश कुमार के अनुसार, इस दिन कुल संचालित ट्रेनों में से 52.63 प्रतिशत ट्रेनें क्रैक ट्रेनों के रूप में चलाई गईं, जो अब तक का रिकार्ड है.
क्रैक ट्रेनें मालगाड़ियों का एक विशेष प्रकार होती हैं, जिन्हें सामान्य मालगाड़ियों की तुलना में अधिक प्राथमिकता दी जाती है. इन्हें तेज गति से चलाया जाता है और कम रुकावटों के साथ गंतव्य तक पहुंचाया जाता है, जिससे माल परिवहन अधिक समयबद्ध और प्रभावी बनता है. इस उपलब्धि में रतलाम मंडल के परिचालन, वाणिज्य, विद्युत, यांत्रिक, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा इंजीनियरिंग विभागों के बीच बेहतर समन्वय और कर्मचारियों की मेहनत का अहम योगदान रहा. क्रैक ट्रेनों के संचालन से रेल मार्ग का बेहतर उपयोग, चालक दल की बचत, समय की बचत और ट्रेनों के ठहराव में कमी जैसे लाभ मिलते हैं. इससे माल परिवहन की दक्षता बढ़ती है और ग्राहकों को बेहतर सेवा मिलती है
