मुंबई, 30 अप्रैल (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया गुरुवार को शुरुआती कारोबार में 46 पैसे टूटने के बाद अंत में चार पैसे मजबूत बंद हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 94.84 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 20 पैसे गिरकर 94.88 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी जो इसका अबतक का सबसे कम बंद स्तर है।
रुपये में आज शुरू से गिरावट रही। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में जबरदस्त तेजी के दबाव में यह 13 पैसे नीचे 95.01 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और दोपहर से पहले ही 95.3450 रुपये प्रति डॉलर तक उतर गया। रुपया आज से पहले कभी इतना नीचे नहीं उतरा था।
हालांकि बाद में कच्चा तेल नरम पड़ गया और रुपया 94.81 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ। अंत में यह 94.84 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का मानक लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा आज सुबह 125 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया था। हालांकि बाद में यह 115 डॉलर प्रति बैरल से नीचे उतर गया। कच्चे तेल में उतार-चढ़ाव का सीधा असर भारतीय मुद्रा पर देखा गया।
दूसरी तरफ, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक के 0.5 प्रतिशत टूटने से भी रुपया मजबूत हुआ है।
