सतना: पूर्व विधायक स्व. शंकरलाल तिवारी द्वारा सतना में प्रारंभ की गई कांवड़ यात्रा को उनके निधन के उपरांत निरंतरता प्रदान करते हुए उनके पुत्र राजनारायण तिवारी ‘राजा शंकरलाल तिवारी’ के नेतृत्व में सावन मास के अंतिम सोमवार को विशाल सतना कांवड़ यात्रा निकाली गई। पूर्व विधायक स्व. शंकरलाल तिवारी की पुण्य स्मृति में आयोजित इस यात्रा में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी और ‘बोल बम’ तथा ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा सतना शहर शिवमय हो उठा।जिले के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु भव्य झांकियों और कांवड़ के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा मार्ग में भगवान शिव और माता पार्वती के स्वरूप में कलाकारों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। विभिन्न धार्मिक झांकियां और संत-महात्माओं की उपस्थिति यात्रा का विशेष आकर्षण रही।
सुभाष पार्क मैदान से प्रारंभ हुई कांवड़ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विभिन्न देवालयों में जल अर्पण करती हुई जगतदेव तालाब स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंची। यहां हजारों कांवड़ियों ने भगवान शिव के शिवलिंग पर जल अर्पित किया। यात्रा के मंदिर पहुंचने पर आयोजक राजा शंकरलाल तिवारी सहित कांवड़ियों ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर सतना वासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की।
रथ में सवार संत-महात्माओं ने दिया आशीर्वाद
कांवड़ यात्रा में संत-महात्माओं की उपस्थिति ने धार्मिक वातावरण को और भक्तिमय बना दिया। प्रमुख रूप से महंत पीयूषदास जी महाराज सहित संत-महात्मा रथ पर सवार रहे और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया।
