जबलपुर: जिले में खाद वितरण को लेकर किसान अभी भी परेशान हैं। स्थिति यह है कि दो बोरी खाद के लिए किसानों को तीन-तीन दिन तक भटकना पड़ रहा है। सोमवार पहुंचे किसान दो दिन बाद बुधवार को फिर कृषि उपज मंडी स्थित खाद वितरण केंद्र पहुंचे, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल सकी। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा बनाए गए सिस्टम में खामियों के कारण उन्हें खाद के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
गांव-गांव से पहुंच रहे
बमुरिया कैथरा से पहुंचे किसान महेश पटेल ने बताया कि तीन दिन से खाद के लिए लाइन में लग रहे हैं, लेकिन अब तक खाद नहीं मिल सकी। उनके अनुसार, खाद वितरण के लिए बनाए गए नियम किसानों के हित में नहीं हैं। इस दौरान श्यामलाल पटेल, मुकेश झारिया, अनिल पटेल, संतोष विश्वकर्मा, अरुण तिवारी, कमलेश पटेल, कैलाश पटेल सहित कई किसान घंटों लाइन में खड़े रहे।
कलेक्टर ने दिए निर्देश: किसानों को न हो असुविधा
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने खाद वितरण व्यवस्था को लेकर मंगलवार को बैठक आयोजित की थी। बैठक में जिले के खाद वितरण केंद्रों की स्थिति, खाद की उपलब्धता और वितरण की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद का समुचित और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को खाद वितरण की सूचना समय पर एसएमएस के माध्यम से दी जाए ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से केंद्रों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही निर्देश दिया कि वितरण के समय कोटवार और पटवारी मौके पर मौजूद रहें, जिससे व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।
