
सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी के वार्ड क्रमांक 6 में जल रिसाव की समस्या ने आम नागरिकों का जीना दूभर कर दिया है। जैसे ही जलावर्धन योजना के तहत पानी की आपूर्ति शुरू होती है, सड़कों पर पानी का तेज बहाव होने लगता है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों एवं स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थिति यह है कि लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही तक में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों एवं इंजीनियरों को इस गंभीर समस्या से अवगत कराया गया, किंतु आश्वासनों के अतिरिक्त अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हो सका है। वर्षों से चल रही जलावर्धन योजना का कार्य अब तक अधूरा पड़ा है, जो नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नगर पालिका परिषद के जिम्मेदार इंजीनियर अधिकारी इस मामले में लापरवाही बरतते हुए जनता के साथ छलावा कर रहे हैं। अधूरे व अनियमितता से निर्माण कार्यों के कारण न केवल संसाधनों की बर्बादी हो रही है, बल्कि आमजन को भी अनावश्यक समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
जनता अब प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रही है। यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो यह जनआक्रोश का रूप ले सकता है।
