पंजाब किंग्स के खिलाफ लखनऊ लड़ेगी अस्तित्व की लड़ाई

धर्मशाला, 3 मई (वार्ता) प्लेऑफ की दहलीज पर खड़ी पंजाब किंग्स के खिलाफ लखनऊ सुपर जांयट्स (एलएसजी) रविवार को हिमालय की सुरम्य वादियों से घिरे धर्मशाला के खूबसूरत मैदान में अपने अस्तित्व बचाने की लड़ाई लड़ेगी।
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) पर चार विकेट की जीत से उत्साहित पंजाब इस मुकाबले में लय और फॉर्म के साथ मजबूती से उतरेगा। पंजाब की जान उसकी विस्फोटक सलामी जोड़ी प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य में है, जिन्होंने इस सीजन में मिलकर करीब 700 रन बनाए हैं।
कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली पंजाब की टीम में अय्यर, नेहल वढेरा, शशांक सिंह और कीपर जोश इंगलिस बल्लेबाजी की गहराई को मजबूत बनाते है जबकि गेंदबाजी के मोर्चे पर अर्शदीप सिंह और मार्को जेनसन ने लगातार शुरुआती झटके दिए हैं, जबकि बीच के ओवरों में युजवेंद्र चहल की चतुराई से परिपूर्ण गेंदबाजी ने गेंदबाजी आक्रमण को धार प्रदान की है। सीएसके के खिलाफ उनके चार विकेट ने मुकाबले को एकतरफा कर दिया था। ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई, हरप्रीत बरार और सूर्यांश शेडगे ने पंजाब के पक्ष को और मजबूत किया।
इसके विपरीत, ऋषभ पंत की अगुवाई वाली लखनऊ की टीम फॉर्म और दबाव दोनों से जूझ रही है, अपने पिछले चार मैचों में से तीन हारने के बाद अंक तालिका में छठे स्थान पर है। मुंबई इंडियंस के हाथों 54 रनों की हार ने उन्हें कगार पर ला खड़ा किया है। रविवार का मैच प्रभावी रूप से उनकी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए जीतना जरूरी है। लखनऊ की बल्लेबाजी में सामंजस्य की कमी है, एडेन मार्करम और मिशेल मार्श स्थिर शुरुआत देने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
निकोलस पूरन की नंबर तीन पर शानदार बल्लेबाजी की भरपाई पंत की खराब फॉर्म ने कर दी है, जबकि डेविड मिलर और अब्दुल समद अब मजबूत फिनिशर की भूमिका का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर सके हैं। लखनऊ की गेंदबाजी भी औसत रही है। मयंक यादव, प्रिंस यादव और आवेश खान ने महत्वपूर्ण ओवरों में रन लुटाए हैं वहीं लेग स्पिनर रवि बिश्नोई उनके सबसे भरोसेमंद हथियार बने हुए हैं। मार्करम और दिग्वेश सिंह राठी भी भरोसे में खरा उतरने के लिये संघर्ष करते दिखायी दे रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसियेशन के खूबसूरत स्टेडियम में शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है, लेकिन खेल आगे बढ़ने के साथ यहां की पिच बल्लेबाजों के लिये मददगार रही है। यहां पिछले छह मैचों में से पांच में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीत दर्ज की है, इसलिए टॉस खेल का रुख तय करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
पंजाब ने इस सीजन की शुरुआत में लखनऊ को उनके घर में आठ विकेट से हराया था, हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में पंजाब लखनऊ से मामूली बढ़त में है। शानदार फॉर्म, बेहतर संतुलन और फॉर्म में चल रहे मैच विजेता खिलाड़ियों के साथ वे पसंदीदा टीम के रूप में शुरुआत करेंगे, हालांकि लखनऊ की टीम वापसी करने और दौड़ में बने रहने के लिए बेताब होगी।

Next Post

सुभाशीष बोस, सौम्या गुगुलोथ ने भारत के शीर्ष फुटबॉल सम्मान से नवाजे गये

Sat May 3 , 2025
भुवनेश्वर, 3 मई (वार्ता) सुभाशीष बोस और सौम्या गुगुलोथ को एआईएफएफ पुरस्कार दिवस के अवसर पर वर्ष 2024-25 के एआईएफएफ सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला खिलाड़ी के रूप में नामित किया गया। पुरस्कार समारोह कलिंगा सुपर कप 2025 के फाइनल की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को ओडिशा की राजधानी में आयोजित […]

You May Like