कैबिनेट ने राष्ट्रमंडल खेल 2030 के लिए बोली प्रस्तुत करने को मंजूरी दी

नयी दिल्ली, 27 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राष्ट्रमंडल खेल 2030 के लिए बोली प्रस्तुत करने के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी। साथ ही मेजबानी सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर करने को भी मंजूरी दे दी। (एचसीए) से संबंधित मंत्रालयों, विभागों और प्राधिकरणों से आवश्यक गारंटी और बोली स्वीकार होने की स्थिति में गुजरात सरकार को आवश्यक अनुदान सहायता की मंजूरी भी ली जाएगी।
72 देशों के एथलीट राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेंगे। इसमें बड़ी संख्या में एथलीट, कोच, तकनीकी अधिकारी, पर्यटक, मीडियाकर्मी आदि शामिल होंगे जो खेलों के दौरान भारत आएंगे, जिससे स्थानीय व्यवसायों को लाभ होगा और राजस्व प्राप्त होगा।
अहमदाबाद एक आदर्श मेजबान शहर है जो विश्व स्तरीय स्टेडियम, अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और एक उत्साही खेल संस्कृति प्रदान करता है। दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम, नरेंद्र मोदी स्टेडियम, 2023 आईसीसी क्रिकेट विश्व कप फाइनल की सफलतापूर्वक मेजबानी करके अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर चुका है।
खेलों के अलावा, भारत में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी पर्यटन को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन और लाखों युवा एथलीटों को प्रेरित करने जैसे स्थायी प्रभाव छोड़ेगी। इसके अलावा, खेल विज्ञान, कार्यक्रम संचालन और प्रबंधन, रसद और परिवहन समन्वयक, प्रसारण और मीडिया, आईटी और संचार, जनसंपर्क और संचार तथा अन्य क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में पेशेवरों को अवसर मिलेंगे।
इस तरह के विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित आयोजन से राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना प्रबल होगी। यह एक साझा राष्ट्रीय अनुभव प्रदान करेगा और हमारे राष्ट्र का मनोबल बढ़ाएगा। यह एथलीटों की नई पीढ़ी को खेलों को एक करियर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करेगा और सभी स्तरों पर खेलों में अधिक से अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करेगा।

Next Post

श्रीलंका में स्कूल वैन दुर्घटना में दो छात्रों की मौत, 13 घायल

Wed Aug 27 , 2025
कोलंबो, 27 अगस्त (वार्ता) श्रीलंका के उत्तर-पश्चिमी प्रांत के कुलियापिटिया में बुधवार को एक स्कूल वैन और एक टिपर ट्रक की टक्कर में दो स्कूली छात्रों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए 13 अन्य लोगों […]

You May Like