बिजली कटौती से भड़के किसानों ने किया प्रदर्शन

सीहोर। बिना किसी सूचना के की जा रही बिजली कटौती के विरोध में रविवार को इछावर तहसील क्षेत्र के एक दर्जन गांवों के किसानों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने दीवडिय़ा विद्युत वितरण केंद्र के तहत आने वाले आर्या सब स्टेशन का का घेराव कर दिया. इस दौरान किसानों नेे धरना, प्रदर्शन कर बिजली कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. किसानों ने चेतावनी दी जल्द कटौती बंद नहीं हुई तो अगला कदम चक्काजाम आंदोलन का होगा.

गौरतलब है कि जिले में जिन किसानों ने रबी की बोवनी कर दी वह इस समय फसल में सिंचाई कर रहे हैं, लेकिन इसमें बिजली कटौती रोड़ा बन गई है. पंप कनेक्शन पर 10 घंटे दी जाने वाली बिजली में कई बार बिना सूचना के कटौती की जाती है, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है. जानकारी के अनुसार बिजली कंपनी ने सिंचाई करने पंप कनेक्शन पर 10 घंटे बिजली देना निर्धारित किया है. लेकिन बिजली निरंतर देने की बजाए दो शिफ्ट (6 व 4 घंटे) के हिसाब से दिन व रात में दी जाती है. इससे वैसे ही किसान परेशान हैं, उसमें कटौती ने दिक्कत को बढ़ा दिया है. बिना सूचना दिए की जा रही बिजली कटौती को बंद करने के लिए किसानों ने बिजली कंपनी अधिकारियों को कई बार अवगत कराया, लेकिन जब कुछ नहीं हुआ तो आखिरकार उनके सब्र का बांध ढह ही गया. उन्होंने सब स्टेशन पर पहुंचकर अपने आक्रोश का इजहार किया. इस दौरान उन्होंने कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की. किसानों का कहना था कि अगर हालात नहीं सुधारे गए तो आगामी दिनों में चक्काजाम भी किया जा सकता है. इस मामले में विद्युत वितरण कंपनी के जूनियर इंजीनियर विजय कुमार उइके का कहना है कि लोड अधिक बढऩे के कारण कभी- कभार ट्रीपिंग होती है. जिससे चंद मिनट बाद ही बिजली की सप्लाई शुरू हो जाती है. वैसे कोई कटौती नहीं की जाती है.

कई गांवों के किसान जा धमके विद्युत उप केन्द्र

रविवार को ग्राम रूपादी, रूपादा, दुदलई, गादिया, दौलतपुर, नयाखेड़ा, झरखेड़ा, आर्या सहित अन्य गांवों के किसान आर्या बिजली सब स्टेशन पहुंच गए. किसानों ने धरना, प्रदर्शन कर आरोप लगाते हुए बताया कि बिजली कंपनी मनमानी कर रही है. हर कभी कटौती करती है जिससे समय पर सिंचाई कार्य नहीं हो रहा और गेहूं, चना, मसूर फसल सूखने लगी है. दिन के अलावा रात में भी ठिठुरते हुए खेतों पर अलग रहना पड़ता है. आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कंपनी के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए चेतावनी दी कि कटौती बंद नहीं हुई तो अगला कदम चक्काजाम या आंदोलन का उठाएंगे. सतपिपलिया डीसी के भी यही हाल हैं. प्रदर्शन के दौरान बजेश जाट, योगेश जाट, राजूसिंह, गणेश जाट, मांगीलाल वर्मा, तुलसीराम जाट, धर्मेंद्र जाट उपस्थित थे.

किसानों का आरोप, वसूली पर देते अधिक ध्यान

किसानों का कहना है कि बिजली कंपनी अमला हर दिन गांवों में पहुंचकर लोगों से बकाया राशि और जिन किसानों के स्थाई कनेक्शन नहीं है उनको आस्थाई कनेक्शन लेने की बात कह रहा है। इस दौरान यह भी कह रहे हैं कि यदि बकाया राशि जमा नहीं कराई तो कनेक्शन काटा जाएगा और बिना कनेक्शन लिए चोरी से बिजली का उपयोग किया तो बिजली चोरी का प्रकरण कायम किया जाएगा. किसानों का कहना है कि बिजली कंपनी अपना हित देख रही है, किसानों से कोई मतलब नहीं है.

Next Post

दो स्पा सेंटरों पर छापे में देह व्यापार का पर्दाफाश

Sun Nov 23 , 2025
ग्वालियर। शहर के तुलसी विहार कॉलोनी सिटी सेंटर में स्थित दो स्पा सेंटर्स पर पुलिस ने रविवार शाम को छापामारी की. इस दौरान यहां चार लड़की और तीन लड़के आपत्तिजनक हालत में मिले हैं. यहां से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी पुलिस ने बरामद की है। समझा जाता है कि यहां […]

You May Like