सतना : रेल परिसर में पुराने इंडियन ऑयल डिपो क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका पाए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. जीरआरपी और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की. वहीं मामले की विवेचना करते हुए घटना से जुड़े कारणों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.जीआरपी उप थाना प्रभारी राजेश राज को बुधवार की सुबह को इस बात की सूचना मिली कि पुराने इंडियन ऑयल डिपो परिसर में एक व्यक्ति पेड़ पर फंदे से लटका हुआ है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद फौरन ही मामले की सूचना फोरेंसिक टीम को दी गई. फोरेंसिक टीम और जीआरपी स्टॉफ द्वारा घटनास्थल और आस पास के क्षेत्र का बारीकी से मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया. वहीं जीआरपी द्वारा शुरु की गई पूछताछ में मृतक की पहचान संजय चौहान पिता उजागर लाल चौहान उम्र 28 वर्ष निवासी रामनगर पन्ना के तौर पर हुई.
इसी कड़ी में यह जानकारी भी सामने आई कि मृतक सतना रेलवे स्टेशन पर वेण्डर का कार्य करता था. मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना देते हुए घटना के बारे में बताया गया. जीआरपी प्रभारी के अनुसार हलांकि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही मौत का कारण सामने आ सकेगा. लेकिन प्रथम दृष्टया की गई जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का मालुम दे रहा है. जिसे देखते हुए जीआरपी द्वारा परिजनों सहित रेलवे स्टेशन के अन्य वेण्डरों से पूछताछ करते हुए घटना के पीछे के कारणों को जानने का प्रयास किया जा रहा है.
