लंबित पेंशन प्रकरणों को लेकर DEO को ज्ञापन, वेतन-वृद्धि का लाभ न मिलने पर जताया आक्रोश

नर्मदापुरम: पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की जिला इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष दिनेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. प्रजापति से मुलाकात कर विभिन्न लंबित पेंशन प्रकरणों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने संकुल स्तर पर अटके मामलों के शीघ्र निपटारे की मांग उठाई।मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में प्रकरणों का निराकरण नहीं होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।जिला सचिव राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि 30 जून और 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अतिरिक्त वेतन-वृद्धि का लाभ देने के आदेश जारी किए गए हैं। जिन पेंशनरों ने न्यायालय का सहारा नहीं लिया है, उन्हें 1 जुलाई 2023 से पूर्व काल्पनिक वेतन-वृद्धि का लाभ देते हुए भुगतान किया जाना है।

इसके बावजूद, आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय से स्वीकृति मिलने के बाद भी संकुल स्तर पर प्रकरण लंबित हैं।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सेवा पुस्तिका में आवश्यक जानकारी उपलब्ध होने के बावजूद शिक्षकों से अतिरिक्त दस्तावेज मांगे जा रहे हैं, जिससे अनावश्यक देरी हो रही है। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि संकुलों की मनमानी पर अंकुश लगाया जाएगा और पेंशनरों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।बैठक में मुकेश तिवारी, चंद्रशेखर शर्मा, सत्तार खान, गनपत दीक्षित, कैलाश मेहरा, छुट्टु सिंह चौहान, शैरसिंह राजौरिया और एस.एस. भदौरिया सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Next Post

हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ राजीव गुप्ता नेमा समाज गौरव अलंकार से सम्मानित

Tue Apr 28 , 2026
भोपाल: अखिल भारतीय नेमा वणिक समाज एवं नेमा युवक संघ जबलपुर द्वारा आयोजित नेमा गौरव अलंकरण समारोह में भोपाल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ एवं हमीदिया चिकित्सालय के हृदय रोग विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव गुप्ता को चिकित्सा क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और समर्पण के लिए नेमा समाज गौरव अलंकार से […]

You May Like