
ब्यावरा। सोमवार की दोपहर को उस समय अफरा-तफरी का वातावरण निर्मित हो गया जब स्थानीय बायपास क्षेत्र में नरवाई में लगी आग फैलते हुए रेलवे ट्रेक के समीप तक आ पहुंची. सुरक्षा के तौर पर ट्रेक से गुजर रही बीना-नागदा ट्रेन करीब दो घंटे तक रुकी रही. तीन फायर ब्रिगेड द्वारा आग पर काबू पाया गया जिसके बाद ट्रेन अपने गंतव्य की और रवाना हुई.
जानकारी के अनुसार दोपहर लगभग 12.30 बजे के आसपास बायपास पर फुंदा मार्केट के यहां नरवाई में लग रही आग फैलते हुए रेलवे ट्रेक के समीप तक आ पहुंची. इसी बीच यहां से गुजर रही बीना से नागदा ट्रेन के चालक ने आग की लपटे उठती देख ट्रेन को आगे जाने से रोका तथा इसकी सूचना स्टेशन प्रबंधन को दी. सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन का अमला मौके पर पहुंचा.
तीन फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग
जानकारी लगते ही ब्यावरा नपा की फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची. पचोर एवं खिलचीपुर की फायर ब्रिगेड भी आई तथा आग बुझाने में जुट गई. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. आग बुझने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया.
भीषण गर्मी में परेशान हुए यात्री
सुरक्षा की दृष्टि से ट्रेन को रोका गया. किंतु दोपहर के समय दो घंटे तक ट्रेन के रुके रहने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. दोपहर के समय जब भीषण गर्मी का प्रकोप रहा उस दौरान ट्रेन के रुकने से यात्री परेशान हुए.
नरवाई जलाने पर है रोक
पर्यावरण एवं सुरक्षा की दृष्टि से नरवाई जलाने को प्रतिबंधित किया हुआ है बावजूद इसके आये दिन नरवाई जलाए जाने के मामले सामने आते रहे है. यह प्रतिबंध मानों कागजों तक ही सिमटकर रह गया है.
