अभिषेक शर्मा सेमीफाइनल से बाहर…टीम इंड‍िया लेगी कड़े फैसले, इंग्लैंड के ख‍िलाफ ऐसी हो सकती है प्लेइंग-11

मुंबई में होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले से पहले सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या भारतीय टीम आज (5 मार्च) को इंग्लैंड के खिलाफ अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव करेगी? फिलहाल टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी चिंता टॉप ऑर्डर की बल्लेबाजी है।

हालांकि वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में संजू सैमसन की 97 रनों की शानदार पारी ने टीम को राहत दी। उस मैच में अभिषेक शर्मा 11 गेंदों पर सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए थे और भारत को पहला झटका 29 रन के स्कोर पर लगा था। इसके बाद ईशान किशन भी 42 रन के कुल स्कोर पर 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

ध्यान देने वाली बात यह है कि संजू सैमसन की टी20 वर्ल्ड कप में वापसी जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में हुई थी। उससे पहले वह नामीबिया के खिलाफ एक मैच दिल्ली में खेले थे, जहां अभिषेक शर्मा के बीमार होने के कारण उन्हें मौका मिला था। संजू की वापसी के बाद ईशान किशन को बल्लेबाजी क्रम में नीचे भेज दिया गया, जबकि अभिषेक शर्मा ओपनिंग करते रहे। जिम्बाब्वे के खिलाफ अभिषेक ने 55 रन जरूर बनाए थे, लेकिन उससे पहले वह लगातार खराब फॉर्म के कारण सवालों के घेरे में थे।

अभिषेक शर्मा हो सकते हैं बाहर
अब बड़ा सवाल यह है कि इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल जैसे अहम मुकाबले में क्या भारतीय टीम कोई बदलाव करेगी? आमतौर पर भारतीय टीम अपनी प्लेइंग इलेवन में ज्यादा फेरबदल नहीं करती। क्योंकि अगर इस समय लिया गया फैसला गलत साबित हुआ तो टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठ सकते हैं।

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार (5 मार्च) को खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल से पहले पूर्व भारतीय हेड कोच रवि शास्त्री ने भी प्लेइंग इलेवन को लेकर अहम राय दी है। उनका मानना है कि टीम मैनेजमेंट को मौजूदा फॉर्म को देखते हुए एक बदलाव पर विचार करना चाहिए।

शास्त्री ने कहा कि अगर टीम को लगता है कि अभिषेक शर्मा मानसिक रूप से पूरी तरह सहज नहीं हैं और लगातार कम स्कोर का असर उनके आत्मविश्वास पर पड़ा है, तो इस पर गंभीरता से फैसला लेना चाहिए। उनके मुताबिक नेट्स में उनकी बल्लेबाजी, बॉडी लैंग्वेज और बातचीत से इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। टूर्नामेंट में अब तक अभिषेक शर्मा ने 6 पारियों में केवल 80 रन बनाए हैं। उनका औसत 13.13 और स्ट्राइक रेट 131.15 रहा है, जो नॉकआउट मैच से पहले चिंता का कारण है।

रिंकू सिंह को मिल सकता है मौका
रवि शास्त्री का सुझाव है कि अगर बदलाव किया जाता है तो ईशान किशन को संजू सैमसन के साथ ओपनिंग करनी चाहिए। वहीं रिंकू सिंह को प्लेइंग इलेवन में शामिल कर निचले क्रम में फिनिशर की भूमिका दी जा सकती है।

ईशान किशन ने इस टूर्नामेंट में 7 पारियों में 224 रन बनाए हैं। उनका औसत 32 और स्ट्राइक रेट 185.13 का है। खास बात यह है कि उनके दोनों अर्धशतक ओपनिंग करते हुए आए हैं। हालांकि संजू सैमसन की वापसी के बाद उन्हें नंबर-3 पर बल्लेबाजी करनी पड़ी।

वानखेड़े में अभिषेक का शानदार रिकॉर्ड
इंग्लैंड के खिलाफ अभिषेक शर्मा का पिछला रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है। पिछले साल वानखेड़े में खेले गए पांचवें टी20 मैच में उन्होंने 54 गेंदों पर 135 रन की धमाकेदार पारी खेली थी। इस पारी का जिक्र होने पर रवि शास्त्री ने साफ किया कि उनका सुझाव सिर्फ मौजूदा फॉर्म और टीम की बल्लेबाजी में आक्रामक विकल्प को ध्यान में रखकर है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह पूरी तरह अभिषेक शर्मा को बाहर करने के पक्ष में नहीं हैं। उनके मुताबिक भारतीय बल्लेबाजी में पहले से ही काफी फायरपावर मौजूद है, इसलिए टीम चाहे तो अभिषेक पर भरोसा बनाए रख सकती है।

सेमीफाइनल से पहले बड़ा फैसला
अब सबकी नजर टीम मैनेजमेंट पर होगी कि वह अनुभव और पुराने रिकॉर्ड को महत्व देती है या मौजूदा फॉर्म को देखते हुए कोई बड़ा फैसला लेती है। मुंबई के वानखेड़े में होने वाला यह मुकाबला भारत के लिए फाइनल का रास्ता तय करेगा, ऐसे में प्लेइंग इलेवन का चयन बेहद अहम होने वाला है।

भारत की संभावित प्लेइंग XI (इंग्लैंड के खिलाफ): ईशान किशन, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह/अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह.

Next Post

केरल दौरे के दौरान राहुल सात मार्च को केरल के टेक्नोपार्क में आईटी के पेशेवरों से करेंगी बातचीत

Thu Mar 5 , 2026
तिरुवनंतपुरम, 05 मार्च (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपने दो दिवसीय केरल दौरे के दौरान सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के 150 से ज़्यादा पेशेवरों से बातचीत करेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री गांधी सात मार्च को सुबह 10.30 बजे तिरुवनंतपुरम के टेक्नोपार्क के त्रावणकोर हॉल में आईटी के […]

You May Like